भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच का पद छोड़ने के महज 24 घंटे बाद पूर्व नीदरलैंड ऑलराउंडर रयान टेन डेशकाटे ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) परिवार में वापसी कर ली है। नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स ने बुधवार को उन्हें हेड ऑफ क्रिकेट स्ट्रैटेजी नियुक्त किया। इस नई भूमिका में वह नाइट राइडर्स की वैश्विक फ्रेंचाइजियों की क्रिकेट रणनीति, स्काउटिंग, खिलाड़ी विकास और टीम निर्माण की निगरानी करेंगे।
केकेआर ने जताया भरोसा
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) वेंकी मैसूर ने टेन डेशकाटे की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, 'हम टेंडो का नाइट राइडर्स परिवार में फिर से स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। हमारी कार्यशैली की उनकी गहरी समझ और फ्रेंचाइजी तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का उनका अनुभव उन्हें इस भूमिका के लिए आदर्श बनाता है। वह नाइट राइडर्स इकोसिस्टम के अगले विकास चरण को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।'
डेशकाटे और भारतीय टीम
- फोटो : ANI
टेन डेशकाटे ने क्या कहा?
नई जिम्मेदारी मिलने पर टेन डेशकाटे ने कहा, 'इस भूमिका में नाइट राइडर्स के साथ फिर से जुड़कर मैं बेहद उत्साहित हूं। यह हमारे वैश्विक फ्रेंचाइजियों की कोचिंग और एनालिटिक्स टीमों के साथ मिलकर स्काउटिंग, खिलाड़ी विकास प्रणाली को मजबूत करने और दीर्घकालिक क्रिकेट रणनीति तैयार करने का अनूठा अवसर है।'
नई भूमिका में क्या होगी जिम्मेदारी?
45 वर्षीय टेन डेशकाटे अब नाइट राइडर्स की सभी वैश्विक टीमों में स्काउटिंग, खिलाड़ी भर्ती, स्क्वॉड प्लानिंग और प्रदर्शन मूल्यांकन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा वह त्रिनबागो नाइट राइडर्स (CPL), अबू धाबी नाइट राइडर्स (ILT20) और लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स (MLC) के सहायक कोच भी रहेंगे।
अभिषेक नायर और रेयान टेन डेशकाटे
- फोटो : BCCI
केकेआर से पुराना नाता
टेन डेशकाटे का केकेआर से रिश्ता 2011 से है। वह खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़े और 2012 तथा 2014 में केकेआर की आईपीएल खिताबी जीत का हिस्सा रहे। संन्यास के बाद 2022 में उन्होंने कोचिंग स्टाफ में वापसी की और 2024 में गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में KKR की तीसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली सपोर्ट स्टाफ टीम का हिस्सा भी रहे।
भारतीय टीम के साथ सफल कार्यकाल
टेन डेशकाटे जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय टीम के सहायक कोच बने थे। उन्होंने बल्लेबाजी, फील्डिंग और रणनीतिक योजनाओं में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता।
हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) चाहता था कि वह 2027 तक टीम के साथ बने रहें, लेकिन पारिवारिक कारणों से उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। बताया गया कि दो वर्षों तक लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्यस्त रहने के बाद वह अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते थे। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि उनके कोचिंग दायरे को लेकर स्पष्ट जिम्मेदारियां तय नहीं होने से वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे।