ब्रिटेन में कोरोना महामारी की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। इस बीच क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, दर्शक अगले माह इंग्लैंड के साउथैंप्टन शहर में न्यूजीलैंड और भारत के बीच होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल का मैच स्टेडियम में जाकर देख सकेंगे। हैंपशायर काउंटी क्लब के प्रमुख रॉड ब्रैंसग्रोव ने कहा कि 18 जून को होने वाले मैच के दौरान चार हजार दर्शक उपस्थित हो सकेंगे।
सितंबर 2019 के बाद पहली बार फैंस को इंग्लैंड में मैच देखने की अनुमति मिली
ब्रिटेन में कोरोना महामारी के हालात सुधरने के बाद करीब 1500 लोगों को लीसेस्टरशर और हैंपशायर के बीच काउंटी मैच देखने की अनुमति दी गई थी। यह मैच भी साउथैंप्टन में खेला जा रहा था। हैंपशायर काउंटी क्लब के प्रमुख रॉड ब्रांसग्रोव ने बुधवार (19 मई) को कहा, ‘हम आज से चार दिवसीय काउंटी क्रिकेट का आयोजन कर रहे हैं और सितंबर 2019 के बाद पहली बार फैंस को इंग्लैंड में क्रिकेट मैच देखने के लिए अनुमति दी गई। इस दौर के अन्य काउंटी खेल बृहस्पतिवार (20 मई) से शुरू होंगे और उन खेलों में भी भीड़ दिखाई देगी।’
भारतीय टीम का इंतजार
ब्रैंसग्रोव ने आगे कहा कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट फाइनल मुकाबले में 4000 लोगों के भीड़ की अनुमति दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं समझता हूं कि 50 प्रतिशत सीटें आईसीसी और उनके प्रायोजकों और अन्य हितधारकों को मिलेंगे और हम बाकी 2000 टिकटों को बेच देंगे। हमें प्रशंसकों से पहले ही दोगुने से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। रॉड ने कहा, ‘हम भारतीय टीम का इंतजार कर रहे हैं और उनकी मेजबानी के लिए तैयार हैं।’
दो जून को इंग्लैंड जाएगी टीम इंडिया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच साउथैंप्टन में डब्ल्यूटीसी का फाइनल मैच 18 जून से खेला जाना है। ऐसे में टीम इंडिया मुंबई में क्वारंटीन और आरटीपीसीआर टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही इंग्लैंड के लिए रवाना होगी। टीम इंडिया दो जून को इंग्लैंड जाएगी। आईसीसी ने अभी तक प्लेइंग कंडीशन के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। आगामी दो से तीन दिनों में स्थिति साफ हो जाएगी। इसमें यह भी तय किया जाना है कि बारिश के कारण मैच रद्द या फिर ड्रॉ होता है, तो क्या नियम लागू किए जाएंगे।