फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मन चंगा, तो चुल्लू में गंगा

Tue, 08 Jan 2013 12:20 AM IST
अशोक संड
विज्ञापन
विज्ञापन
यह ठंड को क्या हो गया है? पड़ती हर साल है, लेकिन मौसम विभाग ने पुराना खाता खोल खोज निकाला कि राजधानी में 44 साल बाद पारा इतना लुढ़का है। यह अलग विषय है कि राजधानी के नैतिक, राजनीतिक, चारित्रिक मौसम में भी पर्याप्त गिरावट आई है, पिछले चार वर्षों से हमारे माननीयों की भाषा भी काफी लुढ़क रही है।
विज्ञापन


मौसम विभाग की चेतावनी भयभीत कर रही है कि अभी और सताएगी यह सर्दी। कुंभ मेले में विचरते नागाओं की तस्वीर से ही कंपकपी होने लगती है। नहाने के ख्याल से छींक आने लगती है। बावजूद इसके हमारा समाज स्वभाव से गर्म है, वह गर्मी को कितना ही कोसे, लेकिन ठंड से कांपने लगता है।

इस मौसम में एक मात्र सहारा सूरज भी कोहरे के भ्रष्टाचार से नजर छिपाए पूरा दिन गुजार देता है। उसके सातों घोड़े अस्तबल से बाहर ही नहीं निकल रहे हैं। सूर्य नमस्कार के लिए व्यथित हथेलियां मुट्ठीबांध चुनौती दे रही हैं इस ठिठुरन को। दोपहर में भी बमुश्किल नजर आते हैं भगवान भास्कर। जिस कोहरे के कारण जमीन-आसमान, दोनों में विचरना दूभर हो रहा हो, उसके लिए श्रद्धेय दुष्यंत जी की सिम्पैथी मत कहो आकाश में कोहरा घना है/ ये किसी की व्यक्तिगत आलोचना है समझ से परे है।
विज्ञापन


अभी दर्दनाक गति को प्राप्त हो जाती है नाक। ठप्प हो जाते हैं कामकाज। जो ठसक वाले महानुभाव होते हैं उनके अपने ‘सूरज’ बंद कमरों में ऊष्मा प्रवाहित करते हैं। रिटायरमेंट के बाद हड्डी कंपा देने वाली इस ठिठुरन में श्रीमती जी का अलाप 'नहा लीजिए, तो खाना लगा दूं' चौंकाने वाला होता है। खाना मुंह से खाना है कि बदन पर लपेटना है। वाइफ जी रट लगाए हुई हैं कि नहा लीजिए। कहिए तो पानी गरम कर दूं। निर्मल  मन के इस जातक को तन की शुचिता का बोध कराया जा रहा है।
 
विनोदी स्वभाव का एक कवि मित्र है मेरा। सर्दी में नित्य नहाने वालों पर कटाक्ष कर कहता है-सूती धोतियां रोजाना धुलती हैं, रेशमी और बनारसी नहीं। अंदाज लतीफाई कहता है, पता नहीं लोग कैसे बिना नहाए महीनों रह लेते हैं, यहां तो 29वें दिन खुजली होने लगती है। इस हरजाई मौसम में रजाई एकमात्र सहारा है, और नहाना हॉरर फिल्म देखने सरीखा। चुल्लू भर पानी से मुंह धो लिया। मन चंगा, तो चुल्लू में गंगा। धोए कान हुआ स्नान। कवि मन से प्रार्थना उबल रही है- हे प्रभो, इस कोल्ड स्टोरेज से मुक्ति दिलाओ।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें