फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

धर्म के नाम पर: कर्नाटक सरकार कटघरे में? तुष्टीकरण की राजनीति छोड़ सबके लिए समान अवसर सुनिश्चित करना जरूरी

अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 17 Mar 2025 08:06 AM IST

सार

सरकारी ठेकों में मुस्लिम समुदाय को चार फीसदी आरक्षण देने संबंधी कर्नाटक सरकार के फैसले के पीछे उसकी राजनीतिक मंशा अधिक दिखती है। सरकारी नौकरियों में कमजोर वर्गों को ऊपर उठाने के लिए आरक्षण तो दिया जाता रहा है, लेकिन सरकारी ठेकों में आरक्षण अपने-आप में एक अनोखी बात है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धारमैया, सीएम, कर्नाटक - फोटो : ANI


शिक्षा एवं नौकरी के लिए आरक्षण का प्रावधान है, ठेकों के लिए नहीं

यह फैसला सांविधानिक समरसता को चुनौती देता है, जिसके दूरगामी सामाजिक व आर्थिक प्रभाव हो सकते हैं। हालांकि राज्य सरकार तर्क दे रही है कि यह कदम ‘पिछड़े वर्गों’ के सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया है, लेकिन यह नीति धर्म के आधार पर नागरिकों के साथ भेदभाव करती है, जो संविधान की मूल भावना के प्रतिकूल है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जिसकी नींव समानता, न्याय और अवसरों की निष्पक्षता पर आधारित है। धार्मिक आधार पर आरक्षण देना इन मूल्यों का प्रत्यक्ष उल्लंघन है। विशेषज्ञों के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 में शिक्षा एवं नौकरी के लिए आरक्षण का प्रावधान है, ठेकों के लिए नहीं।


समान अवसर की अवधारणा कमजोर होगी

यह समाज में एक खतरनाक विभाजनकारी प्रवृत्ति को जन्म देता है, जिसके पीछे की राजनीति और संभावित दुष्परिणामों पर गंभीर विचार करना आवश्यक है। ऐसे फैसले वोट-बैंक की राजनीति के तहत किए जाते हैं, जो समाज में ध्रुवीकरण पैदा कर असमानता बढ़ाते हैं। सरकार को समझना चाहिए कि ठेका प्रणाली में योग्यता, पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा का होना अत्यंत आवश्यक है। अन्यथा इससे भ्रष्टाचार और पक्षपात के नए रास्ते खुल सकते हैं। किसी विशेष धर्म या समुदाय के लिए आरक्षित कोटा लागू करने से सार्वजनिक सेवा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है, और यह समान अवसर की अवधारणा को कमजोर करता है।


आरक्षण की अवधारणा का राजनीतिक दुरुपयोग

बेशक सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने हेतु विशेष अवसर देने की आवश्यकता है, लेकिन यह ‘आर्थिक स्थिति’ या ‘शैक्षिक पिछड़ापन’ के आधार पर होना चाहिए, न कि धार्मिक पहचान के आधार पर। यदि प्रत्येक धर्म विशेष को इसी प्रकार रियायत दी जाने लगी, तो यह आरक्षण की अवधारणा का राजनीतिक दुरुपयोग होकर रह जाएगा। धर्म आधारित आरक्षण समाज को बांटने का ही कार्य करेगा, जो राष्ट्रहित में नहीं है।


सभी के लिए बेहतर क्या?

राज्य सरकार अगर तुष्टीकरण की राजनीति छोड़कर सबके लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करे, तो यह सभी के लिए बेहतर होगा और यही उससे अपेक्षित भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next