फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली की मठरी और छत्तीसगढ़ी पुलाव

Tue, 29 Oct 2013 07:11 PM IST
अरविंद तिवारी
विज्ञापन
विज्ञापन
इस दिवाली में हम आपके लिए कुछ अनूठे आइटम्स की रेसिपी लेकर आए हैं। टीवी पर चुनावी समर देखते हुए आप इन पकवानों का रसास्वादन करेंगे, तो जायका बढ़ जाएगा।
विज्ञापन


पहले हम दिल्ली की मशहूर ‘मठरी’ बनाने की विधि बताते हैं। तीन सौ ग्राम मोटे पिसे बेसन में हाथ ब्रांड नमक, आप ब्रांड लाल मिर्च, कमल ब्रांड जीरा और हाथी ब्रांड अजवायन के साथ केंद्र ब्रांड सरसों का तेल मिलाएं। झुग्गी ब्रांड मैदा में लाल डोरे की कलौंजी और एमसीडी का पानी मिलाकर आधे घंटे के लिए रख दें, फिर आटा गूंध लें। आटे से छोटी रोटी बेलकर बेसन वाला मिश्रण स्टफ करें और धीमी आंच पर तलें। मठरी तैयार है। इसके अधिक सेवन से पेट में मरोड़ हो, तो ‘रिजेक्ट बटन’ थैरेपी अपनाएं।

राजस्थान में गट्टे की सब्जी लोकप्रिय है। इसे बनाने के लिए सौ ग्राम महारानी ब्रांड बेसन, एक टी स्पून गोपालगढ़ ब्रांड अजवायन, दो टी स्पून स्कैंडल ब्रांड दही और गुजरात ब्रांड मसाले लें। इन्हें भ्रष्टाचार के पानी में मिलाकर आटा गूंध लें। आटे के लंबे रोल बनाकर उबलते पानी में पकने दें। फिर गट्टे को तेल में तलें और ग्रेवी में मिलाएं। थर्ड फ्रंट गार्निश करें। खाने पर कब्ज हो, तो चुनाव आचार संहिता का चूरन फांकें।
विज्ञापन


मध्य प्रदेश में ‘मैसूर पाक’ खूब खाया जाता है। इसे बनाने के लिए एक कप ‘मामा’ ब्रांड बेसन, एक कप ‘महाराजा’ ब्रांड पानी, दो कप ‘हाथ’ ब्रांड शक्कर, दो कप दतिया ब्रांड घी की आवश्यकता होगी। पैन में एक कप महाराजा ब्रांड पानी उबालकर इसमें दो कप 'हाथ' ब्रांड शक्कर घोलें। फिर एक कप मामा ब्रांड बेसन डालकर चलाते रहें। घी अलग होने लगे, तो आंच बंद कर ‘रिजेक्ट’ ब्रांड इलायची पाउडर मिलाएं। मिश्रण को चमचागीरी से चिकनी थाली में फैलाएं!
विज्ञापन


छत्तीसगढ़ी पुलाव बनाने के लिए आपको आधा किलो ‘रमन’ ब्रांड चावल लेना है, जो एक रुपये प्रति किलो मिल जाएगा। इसे बीन लें, क्योंकि इसमें कंकड़ बहुत पाए जाते हैं। अब इसे नक्सली पानी में भिगो दें, फिर ‘जोगी’ ब्रांड मटर और ‘पवार’ ब्रांड प्याज को तेल में तड़का लगाकर भूनें। मिश्रण के लाल होने पर चावल डालें और प्रेशर कुकर में पका लें। नक्सली पानी कमाल दिखा सकता है, अतः कुकर से दूरी बनाए रखें।

नोट-यदि आप दिवाली के बाद ये व्यंजन बनाएंगे, तो मौसम अपना प्रभाव डालेगा। वैसे में व्यंजनों के बेस्वाद होने पर हमारी गारंटी नहीं होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें