फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हवा में उठी उंगलियां

Tue, 10 Dec 2013 07:15 PM IST
अरविंद तिवारी
विज्ञापन
विज्ञापन
हमारे आसपास 'वी' शेप बनाती दो उंगलियां अक्सर हवा में उठी दिखाई देती हैं। 'वी' से विक्ट्री (जीत) या विक्टर (जीतने वाला) होता है। पिछले दिनों चुनावों में एक क्षेत्र में कई प्रत्याशी 'वी' बनाते हुए देखे गए। यह बात दीगर है कि चुनाव परिणाम आने के बाद हवा में 'वी' का निर्माण करने वाली अनेक उंगलियों की जमानत जब्त हो गई।
विज्ञापन


अभी-अभी संपन्न हुए चुनावों में मैंने एक वोटर से पूछा, 'वी' का मतलब जानते हो? मैंने उस वोटर को कम पढ़ा-लिखा जानकर ही प्रश्न पूछा था, मगर वोटर बहुत ही चतुर निकला! उसने कहा 'वी' से विक्ट्री का अर्थ बहुत पुराना हो गया। 'वी' से 'वायलेंस' भी होता है। अगर आप हमें सीधे-सीधे वोट नहीं देंगे, तो हमारे कार्यकर्ता वायलेंस पर उतर आएंगे। 'वी' से 'वाइन' भी होता है, अर्थात अंगूर वाली शराब। प्यारे वोटरो, मैंने तुम्हारे लिए 'वाइन' की व्यवस्था कर दी है। महंगी शराब पीकर अपना सस्ता-सा वोट हमें दे दो!

वोटर ने आगे बताया कि 'वी' से 'विजिबल' भी बनता है, जिसका अर्थ है, दिखाई देना। नेताजी 'वी' शेप बनाकर कह रहे हैं कि मैं पांच साल बाद फिर से 'विजिबल' हो गया हूं! मैं आपके सामने हूं, जो सजा देना चाहो, दे दो, पर वोट मुझे ही दो। 'वी' से 'वाइपर' भी बनता है, जो एक खतरनाक सांप की किस्म है। कोई गुंडा अगर निर्दलीय चुनाव लड़ रहा हो, तो वह 'वी' का शेप बनाकर 'वाइपर' सांप की याद दिलाता है।
विज्ञापन


'वी' के इतने खतरनाक किस्म के अर्थ जानकर मेरी रूह कांप गई! उस वोटर ने मेरे डर को पकड़ लिया। वह बोला, भाई साहब, आप तो बेवजह हलकान हुए जा रहे हैं। मैंने 'वी' के जितने भी अर्थ बताए हैं, वे सभी संभावनाओं वाले अर्थ हैं। इनसे डरने की कतई जरूरत नहीं है।

मुझे सामान्य स्थिति में लाने के लिए वोटर ने हवा में एक उंगली उठाकर पूछा, इसका क्या अर्थ है? मैंने कहा ,यह तो 'आई' का शेप है, जिसका अर्थ 'मैं' है। वोटर हंसकर बोला, भाई साहब, एक उंगली उठने का अर्थ है, आउट! क्रिकेट की इस एक उंगली का उपयोग हम लोकतंत्र के पर्व, अर्थात चुनाव में करते हैं। जो प्रत्याशी 'वी' शेप बनाकर जीत का दावा करते हैं, उन्हें हम एक उंगली उठाकर हरा देते हैं। चुनाव परिणामों में आपने देख ही लिया कि कितने बड़बोले प्रत्याशियों के 'वी' शेप को हमने नेस्तनाबूद कर दिया!
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें