जब मैं लास एंजेलिस से बाहर था, तो बचपन के दौरान वहां पर बिताए गए दिनों की याद जेहन में तैरती रहती थी। अपने करियर की शुरुआत में मेरा मानना था कि इसके बारे में लिखने के लिए मुझे यहां से दूर रहना होगा।
लेकिन जब मैं लास एंजेलिस लौटकर आ गया, तो मुझे महसूस हुआ कि यह शहर तो मेरे खून में है। जब मैं इस शहर में रहता था, तो यहां के आसपास के माहौल ने मेरे मन में घर कर लिया था। मेरा जन्म उस समय हुआ, जब अमेरिकी थ्रिलर और जासूसी फिल्मों का दौर अपने चरम पर था। मैं और मेरे माता-पिता हॉलीवुड के नजदीक रहते थे।
मेरे माता-पिता का संक्षिप्त संबंध फिल्म व्यवसाय से था। वे दोनों असाधारण रूप से खूबसूरत थे, जो लास एंजेलिस के महत्वाकांक्षी और समृद्ध लोगों की पहचान हो सकती है। वे यहां प्रवासी के रूप में आए थे, क्योंकि वे गरीब थे और यह शहर बहुत खूबसूरत था।
मेरी परवरिश एक अलग तरह के अमेरिका में हुई। आपको अपने सिर पर छत के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं होती थी। तब यहां एक शांति थी, जिसे मैं अब भी याद करता हूं। मैंने स्वयं अपना मनोरंजन करना सीखा। मुझे किताबें पढ़ना और खिड़की से बाहर आसमान देखना बहुत पसंद था।
मैंने अपनी पुस्तक में उसी दौर के लास एंजेलिस के बारे में लिखा है। मेरी मां एक नर्स थी, वह काफी मेहनत करती थी। एक समय उन्हें यहूदी नर्सिंग होम में नौकरी मिली, जहां फिल्मों के सितारे अपने बुजुर्ग माता-पिता को लाते थे। वह ऐतिहासिक उपन्यासों की बहुत बड़ी पाठक थीं।
-मशहूर अमेरिकी अपराध कथा लेखक