स्कूल कौंसलर जेन तथा ट्रक कंपनी मैनेजर के घर 18 दिसम्बर 1963 को विलियम ब्रैडली पिट का जन्म हुआ। तब किसी ने सोचा भी न होगा कि यह लड़का एक दिन ‘सैक्सिएस्ट मेन’, ‘पॉवर 50’, ‘हॉटेस्ट हॉटीज’, ‘ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ़ ऑल टाइम’ की सूची में शामिल किया जाएगा। दो बार ‘सैक्सिएस्ट मैन अलाइव’ चुना जाएगा। धड़ल्ले से फ्रेंच बोलेगा और पत्नी को चकित करने के लिए ग्रीक भाषा सीखेगा क्योंकि पत्नी के पूर्वज ग्रीक थे। एक साथ प्रोड्यूसर, एक्टर, एक्जिक्यूटिव के रूप में प्रसिद्ध होगा।
ओक्लाहोमा में जन्म लेकर ब्रैड पिट ने स्कूल में स्पोर्ट, वाद-विवाद, म्यूजिक में नाम कमाया। यूनिवर्सिटी ऑफ़ मिसौरी से जर्नलिज्म-एडवरटाइजिंग का कोर्स किया। युवा ब्रैड पिट ने विज्ञापन की पढ़ाई की है और विज्ञापन में काम भी किया है। जापान में वह एडविन जीन्स कमर्शियल में रहा है तथा जापान की डिब्बाबंद कॉफ़ी ‘रूट्स’ के विज्ञापन में भी कुछ समय रहा।
एक्टिंग से पहले स्ट्रिपर्स को लिमोसिन में घुमाया और कई काम किए। फ़िल्मों में आने से पहले टेलीविजन (‘एनदर वर्ल्ड’, ‘डलास’, आदि) में काम किया। ब्रैड पिट पर दर्शकों का ध्यान गया जब 1991 में उसने ‘थेल्मा एंड लुइस’ में सैक्सी अपराधी की छोटी-सी भूमिका की। फ़िर कुछ और भूमिकाएं की पर किसी का ध्यान ब्रैड के काम पर नहीं गया।
‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’
असल प्रसिद्धि आई 1992 में फ़िल्म ‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’ के साथ। इसमें उसके साथ उसके दोस्त बक सिमन्ड्स ने भी काम किया। इस फ़िल्म के लिए उसे फ़िशिंग प्रतियोगिता ‘फ़्लाई-कास्ट’ सीखनी पड़ी, इस दौरान इसमें महारत हासिल करने के लिए उसने हॉलीवुड में इमारतों के ऊपर अभ्यास किया। फ़िल्म की सेटिंग बीसवीं सदी के पहले दशक की है, फ़िल्म में ब्रैड पिट बार में नेटिव अमेरिकन को अल्कोहल परोसे जाने के अधिकार की रक्षा केलिए आवाज उठाता है। यही काम वह फ़िल्म ‘लेजेंद्स ऑफ़ फ़ॉल’ में भी करता है।
‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’ में फ़्लाई-फिशिंग जिंदगी का प्रतीक है, अगर आप इसे ठीक से करना सीख लेते हैं, नदी, मछली और खुद को पढ़ना सीख लेते हैं, तो आप गरिमामय जीवन व्यतीत कर सकते हैं। फ़िल्म को सर्वोत्तम सिनेमाटोग्राफ़ी का ऑस्कर पुरस्कार प्राप्त हुआ। फ़िल्म में मोन्टाना के प्राकृतिक दृश्यों का खूबसूरत फ़िल्मांकन है।
ब्रैड पिट ने पिछली सदी के अंतिम दशक में कई भव्य फ़िल्मों में काम किया, (‘इंटरव्यू विथ द वैम्पायर: द वैम्पायर क्रोनिकल्स’, ‘लेजेंड्स ऑफ़ फ़ॉल’ में रोमांटिक भूमिकाएं कीं। हॉरर-थ्रिलर ‘Se7en’ में डिडेक्टिव बना और 1995 में साइंस फ़िक्शन फ़िल्म ‘12 मंकीज’ के लिए सर्वोत्तम सहायक अभिनेता ग्लोब पुरस्कार उसे मिला। सर्वोत्तम अभिनेता का पुरस्कार ब्रूस विलीस की झोली में गया। इसी नाम से टीवी सिरीज और टीवी फिल्म भी बनी है।
कुल 83 और तीन ऑस्कार से नवाजी गई, उल्टी दिशा में बढ़ती उम्र के लाजवाब अभिनय को कौन भूल सकता है। इस फ़िल्म में डेजी (कैट बिलंचेट) ब्रैड पिट की सह-नायिका है। आपने फिल्म के नाम का अनुमान लगा लिया होगा। आप सही हैं, इसका नाम है, ‘द क्यूरिअस केस ऑफ़ बेंजामिन बटन’। 2008 की इस फ़िल्म में बेंजामिन बटन (ब्रैड पिट) एक विरल व्याधि से ग्रसित है, जिसमें समय बढ़ने के साथ उम्र घटती जाती है। इस फ़ंतासी-ड्रामा फ़िल्म का निर्देशन डेविड फ़िंचर ने किया है।
फ़िल्म की कहानी प्रसिद्ध अमेरिकी उपन्यासकार एफ़. स्कॉट फ़िट्जेराल्ड की कहानी से उठाई गई है। ब्रैड पिट ने डेविड फ़िंचर के निर्देशन में ‘Se7en’ तथा ‘फ़ाइट क्लब’ भी की, दोनों अच्छे दोस्त हैं। इस मिश्रित रक्त (स्कॉट-आइरिश, जर्मन, वेल्स, स्वीडिश, डच, फ़्रेंच, चेरिकी) के अभिनेता की जॉर्ज क्लूनी, जुलिया रॉबर्ट, मैट डैमोन, एडवर्ड नॉर्टन से भी खूब अच्छी दोस्ती है।