हर अवसर, स्थिति और समय के अनुकूल कपड़े पहनना शिष्टता के अंतर्गत ही आता है।
- फोटो : pixabay
मां अक्सर एक किस्सा बताया करतीं-
उनकी एक बहन का ब्याह जिस घर मे हुआ वहां सिर पर घूंघट लेना अनिवार्य था। वह बहन पढ़ी-लिखी थीं और एक खुले विचारों वाले परिवार में पली-बढ़ी थीं। लेकिन उन्होंने बिना किसी विरोध शादी, नए परिवार और रिवाजों के साथ घूंघट को भी स्वीकार लिया। मुश्किल तब होती जब गांव के घर के छोटे दरवाजों से निकलना पड़ता और इस कवायद में हर बार सिर फूटता। तो जब तक इसकी आदत पड़ती, सिर में कई जगह ससुराल के दरवाजों के आशीष फूले हुए गुम्मों के रूप में अंकित हो गए।
समस्या और बढ़ गई जब शर्म और झिझक में नई बहू उस तकलीफ को किसी से कह नहीं पाई और उन गुम्मों में पस पड़ने लगा। हालांकि जब परिवार को पता चला तो उन्होंने तुरन्त इलाज भी करवाया और बहू को कहा भी कि उसने पहले तकलीफ क्यों नहीं बताई लेकिन इससे सिर पर घूंघट काढ़ने से मुक्ति नहीं मिली। क्योंकि घूंघट तो भले घर की स्त्रियों की पहचान होता है।
पूरे देश में फिलहाल बुर्के से लेकर जीन्स टॉप तक पहनने वाली लड़कियों को सुधारने का कार्यक्रम तेजी से जारी है। कुछ लोगों का मानना है कि कपड़े पहनने की आजादी लड़कियों को 'बिगाड़' देती है। तो कुछ मानते हैं कि इससे लड़के बिगड़ जाते हैं।
जीन्स, स्कर्ट और फ्रॉक जैसे पाश्चात्य परिधानों को आप आधुनिकता का रूप मानते हैं तो यह जानना जरूरी है कि विदेशों में भी औरतों के कपड़ों को लेकर आदमियों की सोच कोई खास आधुनिक नहीं है। आज से करीब डेढ़ दशक पहले इटली के सुप्रीम कोर्ट ने एक 18 वर्षीय युवती से बलात्कार के आरोपी को इसलिए छोड़ दिया क्योंकि जज साहब का मानना था कि युवती ने टाइट जीन्स पहन रखी थी और जज साहब का यह मानना था कि टाइट जीन्स को बिना किसी की मदद से उतारना चूंकि सम्भव नहीं है, इसलिए जरूर युवती ने इस रेप में अभियुक्त की मदद (!) की होगी। वरना रेप कैसे होता भला।
कपड़े किसी व्यक्ति का बहुत निजी मसला होता है। हाँ, निजी तौर पर मैं भी इस बात से सहमत हूँ कि हर अवसर, स्थिति और समय के अनुकूल कपड़े पहनना शिष्टता के अंतर्गत ही आता है।
- फोटो : सोशल मीडिया
दुनिया का नजरिया और समाज
इतिहासकारों की मानें तो प्राचीन रोम में अलग महिलाओं के लिए अलग तरह की व्यवस्था की गई थी। सभ्य और ऊंचे घरानों की महिलाएं अलग तरह के कपड़े पहनती थीं ताकि वे पहचानी जा सकें और कोई भी राह चलता उनके साथ गुस्ताखी न कर सके, (यह अधिकार सिर्फ उनके पतियों तक सीमित था)। जिन स्त्रियों के बदन पर इस तरह के वस्त्र नहीं होते थे, वे सार्वजनिक रूप से गुस्ताखियों के लिए उपलब्ध थीं।
वहीं ग्रीस में तो महिलाओं के पहनावे पर नजर रखने के लिए बकायदा एक मजिस्ट्रेट तैनात था, जिसे गायनाकोनॉमी यानी 'कंट्रोलर ऑफ द वीमन' के रूप में पहचाना जाता था। वह तय करता था कि महिलाओं को कब और क्या पहनना चाहिए, उन्हें कपड़ों पर कितना खर्च करना चाहिए और सार्वजनिक रूप से सभ्य दिखने के लिए उन्हें कैसे रहना चाहिए। इन मजिस्ट्रेट्स को बकायदा चुना जाता था।
मतलब आज से सैकड़ों साल पहले दुनियाभर में औरतों के कपड़ों पर नजर रखना और उन्हें सभ्य ! तरीके से कपड़े पहनने की हिदायत देना, भले मर्दों की जिम्मेदारी रहा है और वे आज भी इसे पूरी शिद्दत से निभा रहे हैं। उन्हें मालूम है कि अगर औरतों को उनकी मर्जी के कपड़े पहनने की छूट दी गई तो वे 'हाथ से निकल जाएंगी।'
कपड़े किसी व्यक्ति का बहुत निजी मसला होता है। हाँ, निजी तौर पर मैं भी इस बात से सहमत हूँ कि हर अवसर, स्थिति और समय के अनुकूल कपड़े पहनना शिष्टता के अंतर्गत ही आता है। समुद्र तट पर बिकनी पहने महिलाएं सामान्य बात है। लेकिन किसी ब्याह- शादी या ऐसे ही अन्य अवसर पर बिकनी पहनी किसी महिला को देखकर अजीब नहीं लगेगा?
ठीक जैसे चड्ढी-बनियान या सॉफिस्टिकेटेड शब्दों में आजकल अंडरपेंट्स में सड़क पर तफरीह करते आदमियों को देखकर लगता है। उन आदमियों के लिए वो अंडरपेंट्स यूनिवर्सल परिधान हैं। वे पूरे गर्व से उसे कहीं भी पहनकर निकल सकते हैं।
मैं यहां अजीब शब्द का इस्तेमाल इसलिए ही कर रही हूं क्योंकि ये अशोभनीय और शोभनीय से अलग अजीब सा एहसास होता है। सभ्य समाज मे ड्रेस कोड होना बुरा नहीं है जब तक कि यह दबाव या जबरदस्ती का मामला न बने। स्कूल में यूनीफॉर्म इसलिए होती है ताकि सारे विद्यार्थी बिना किसी भेदभाव, ऊँच-नीच के एक जैसे परिधान पहनकर रह सकें। उनमें अपने कमतर कपड़ों को लेकर हीनभावना न आए।
निमृत कौर उस इंडस्ट्री से हैं जहां ग्लैमर, जिंगदगी का महत्वपूर्ण लेकिन सहज हिस्सा होता है। ऐसे में उनके कपड़ों से अगर उन्हें खुद कोई फर्क नही पड़ता, तो दूसरों के लिए वे चर्चा का विषय होना ही नहीं चाहिए। मामला नजरिए का है। जब तक औरतों के बदन को लेकर समाज का और खुद औरतों का भी नजरिया नहीं बदलेगा, तब तक इस तरह की समझाइशें औरतों के लिए आम रहेंगी। जरूरी है कि इन ट्रोलर्स को निमृत कौर की तरह मुंह तोड़ जवाब देना सीख लिया जाए।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।