इंश्योरेंस लेते वक्त यह भी जरूरी होता है कि आप हमेशा उम्र, सेहत और आय को ध्यान में रखते हुए किसी अच्छी बीमित राशि की पॉलिसी खरीदें।
- फोटो : Pixabay
अच्छी राशि की पॉलिसी लें
इंश्योरेंस लेते वक्त यह भी जरूरी होता है कि आप हमेशा उम्र, सेहत और आय को ध्यान में रखते हुए किसी अच्छी बीमित राशि की पॉलिसी खरीदें। पॉलिसी खरीदते समय कम बीमित या जरूरत से ज्यादा बीमित राशि की पॉलिसी दोनों परेशानियां खड़ी कर सकती हैं। अगर आप जरूरत से ज्यादा राशि की पॉलिसी लेते हैं तो आपका प्रीमियम आपकी जेब पर भारी पड़ेगा और अगर आप कम बीमित राशि की पॉलिसी लेते हैं तो हो सकता है कि इलाज के लिए आपकी बीमा की रकम कम पड़ जाए। इसके अतिरिक्त बीमा लेते समय मुद्रास्फीति की दर को भी ध्यान में रखना पड़ता है। उदाहरण के लिए आज की तारीख में पांच लाख रुपये का बीमा आज से 5-10 साल बाद नाकाफी होगा।
लंबी अवधि वाली पॉलिसी चुनें
स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों को हर साल नवीनीकरण कराना पड़ता है। हालांकि कुछ ऐसी कंपनियां भी हैं जो एक बार में 2-3 साल तक का बीमा कवर प्रदान करती हैं। चूंकि लंबी अवधि वाली बीमा पॉलिसियों पर कंपनी की तरफ से छूट प्रदान किया जाता है, इसलिए ऐसी पॉलिसी खरीदना अच्छा होता है।
फैमिली फ्लोटर पॉलिसी अपनाएं
स्वास्थ्य बीमा चुनते समय यह आवश्यक होता है कि आप अपने परिवार के सदस्यों का बखूबी ध्यान रखें। इसके लिए बीमाकर्ता चाहे तो फैमिली फ्लोटर पॉलिसी का चुनाव कर सकता है, जिसमें सभी बीमित सदस्यों पर बीमित राशि का प्रीमियम विभाजित कर दिया जाता है। चूंकि प्रीमियम की अदायगी कवरेज के आधार पर होती है अतएव स्वास्थ्य बीमा कंपनियां आपकी आवश्यकता के अनुरूप आपकी कवरेज में फेरबदल करने की इजाजत देती हैं।
दावा नहीं तो बोनस प्लान
इसके तहत अगर बीमाकर्ता ने सालभर में कोई दावा नहीं किया है तो कंपनियां दावा बोनस प्रदान करती हैं। अतएव इस विशेष प्रावधान की भी जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए। आप चाहें तो इस दावा बोनस का उपयोग बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम की अदायगी कर बड़ा कवरेज लेने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
अनंत पालीवाल बिजनेस जर्नलिस्ट हैं। वे पिछले 5 सालों से पर्सनल फाइनेंस देख रहे हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : यह लेखक के निजी विचार हैं. आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है. आप भी अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं. लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें.