भगवा ध्वज उठाने में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। कांग्रेस ने भाजपा से टिकट की कोशिश कर रहीं साध्वी अनादि को पार्टी में शामिल कराया है।
- फोटो : Social Media
भाजपा ने कहां खेला है कार्ड?
भाजपा ने सिरोही सीट से ओटाराम देवासी को एकबार फिर टिकट दिया है। देवासी समाज से आने वाले ओटाराम वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में जीतकर आए थे और वसुंधरा राजे सरकार में उन्हें देवस्थान विभाग का मंत्री बनाया गया था। हालांकि, वो मंत्री रहते हुए मुंडारा स्थित चामुंडा माता मंदिर में पुजारी रहे। मंदिर की करोड़ों रुपए की संपत्तियां हैं और लाखों रुपए का दान आता है।
राजधानी जयपुर की हवामहल सीट से भाजपा ने बालमुकुंद आचार्य को टिकट दिया है। बालमुकुंद आचार्य कुछ दिन पहले तक टिकटों की दौड़ में कहीं नहीं थे, लेकिन महीनाभर पहले वो एकाएक हवामहल क्षेत्र में मंदिरों को तोड़ने को लेकर सक्रिय हुए। उन्हें विश्व हिंदू परिषद का भी साथ मिला। वो बालाजी हाथोज धाम के महंत हैं। मात्र एक महीने की सक्रियता पर उन्हें टिकट मिल गया है।
यह भी माना जा रहा है कि वो न केवल हवामहल, बल्कि किशनपोल, आदर्श नगर और सिविल लाइंस सीट पर भी हिंदू वोटों को साधने का काम करेंगे। पार्टी ने अभी पश्चिमी राजस्थान की पचपदरा सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है और यहां पर भजन गायक प्रकाश माली दावेदारी जाता रहे हैं। खास बात यह है कि संत समाज भी भाजपा पर लगातार अधिक से अधिक संतों को टिकट देने का दबाव बनाता रहा है।
कांग्रेस अपनी तरह से चल रही है हिंदुत्व की चाल
भगवा ध्वज उठाने में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। कांग्रेस ने भाजपा से टिकट की कोशिश कर रहीं साध्वी अनादि को पार्टी में शामिल कराया है। सिंधी समाज से आने वाले साध्वी अनादि की ज्वाइनिंग के समय न केवल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बल्कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद थे।
पिछले दिनों पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपने नामांकन से पहले टोंक के भूतेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। इसी तरह कई और प्रत्याशी भगवा पट्टा डालकर नामांकन करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी राजस्थान में मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं।
कुल मिलाकर गहलोत सरकार को तुष्टीकरण के मुद्दे पर घेरने वाली भाजपा को कांग्रेस भी हिंदुत्व के मुद्दे पर टक्कर देने की कोशिशों में जुटी है।
स्वयं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कई बार कह चुके हैं कि क्या हम हिंदू नहीं हैं?
गहलोत सरकार में मंत्री और सिविल लाइंस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास खुद को भगवान राम का वंशज बता रहे हैं। अब देखना है कि हार्डकोर हिंदुत्व वाली भाजपा और सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर चल रही कांग्रेस में से प्रदेश की जनता किसे पसंद करती है?
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।