देवास का मल्हार स्मृति मन्दिर अनगिनत कलाकारों की प्रस्तुति का साक्षी रहा है संगीत, वाद्य यंत्र, बैंड, नृत्य से लेकर तमाम कलाएं यहां आकर धन्य हुई और यहां के दर्शकों और श्रोताओं को तृप्ति दी।
धरती स्थिर है, आवाज़ों का शोर थम गया है, सांसे रूक गई है - वह आदमी यहां से चला गया है जिसके होने से, जिसके घुंघरुओं की ताक़त से यह धरती घूमती थी, नृत्य करती थी और तबले के साथ जुगलबंदी कर मदमस्त होकर थिरकती थी।
सुनो, आवाज़ें आना बंद हो गई है, जो बूंदे नाचती थी, जो पक्षी चहकते थे, हवा जिस थिर पर थम जाती थी, मयूर उदास है, सूरज की किरणें कही छुप गई है और लग रहा जैसे यह थमना ही अब शाश्वत सत्य है और नृत्य का अब अस्तित्व नही रहेगा, केलुचरण महापात्रा के बाद बिरजू महाराज के बाद यह सिर्फ नृत्य की बल्कि समूची मानवता की क्षति है - यह चलाचली की बेला है, कोई बताए कि इतनी सुबह किसने गा दी भैरवी, किसने कत्थक किया कि वो विराट महामना सो गया अतृप्त सा, अभी तो उसे फिर यहाँ आना था।
नमन हे शिखर पुरुष, तुमने ही पुरुषों को नृत्य विधा में पारंगत किया और यह मान्यता तोड़ी कि पुरुष इस विधा में काम नही कर सकते और यह सिद्ध किया कि नृत्य पर सबका समान अधिकार है।
हार्दिक श्रद्धांजलि बिरजू महाराज
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।