जेडा पिंकेट स्मिथ को एलोपेशिया नामक समस्या है जिसकी वजह से उनके बाल झड़ गए और इसी गंजेपन को लेकर क्रिस रॉक ने उनका माजक उड़ाया। एलोपेशिया ऐसी बीमारी है जिसमें केवल सिर के बाल ही नहीं, भौंहों और पलकों तक के बाल झड़ जाते हैं और वापस नहीं आते।
ये हमारे समाज का दोहरा चरित्र है कि पुरुष गंजा है, तोन्दीयल है तो यह उसकी समृद्धि का परिचय है। लेकिन महिला अगर गंजी है, मोटी है तो वह मजाक की पात्र है। सेलिब्रिटीज़ ही नहीं आम समाज मे आपको ऐसे कई उदाहरण अपने आस पास मिल जाएंगे जहां महिलाओं पर बेवजह के मजाक करना फन, इंटरटेनमेंट और अधिकार की सूची में आता है।
कुछ सालों पहले हमारे पड़ोस में एक व्हाइट कॉलर जॉब वाले सज्जन! रहा करते थे। सींकिया पहलवान की श्रेणी में आने वाले उन अंकल की गोल-मटोल बीवी दिनभर घर के कामों में लगी रहतीं। कभी ढेर सारे कपड़े धोती दिखाई देतीं तो कभी रसोई में नई रेसिपी ट्राय करती। पत्नी का गोल-मटोल होना उक्त पति के लिए अपमान का विषय था। इसलिए वे कहीं भी किसी के भी सामने पत्नी का मजाक बना डालते। और तो और घर में भी उन्होंने पत्नी के नाम के पीछे 'मोटी' शब्द का प्रत्यय लगाकर ही सम्बोधित करने की प्रथा बना ली थी जिसका पालन उनके दोनों बच्चे भी किया करते। ये उनके घर मे एंटरटेनमेंट का एक प्रकार था। वे अपनी पत्नी का पहला नाम लेते और बच्चे उसके पीछे मोटी शब्द लगा देते और फिर पिता और बच्चे खिलखिला कर हंसते। पत्नी के प्रतिकार करने का तो सवाल ही नहीं था, एक दो बार बच्चों को टोकने की कोशिश की तो पति ने और डांट लगा डाली। और यह मजाक चिरस्थाई हो गया।
हालांकि किसी सार्वजनिक मंच पर इस तरह की प्रतिक्रिया वाकई अधीरता की निशानी हो सकती है लेकिन यहां यह बात सोचने लायक है कि जोक अगर विल स्मिथ की पत्नी की बजाय किसी अन्य महिला पर कहा जाता, तब भी क्या विल स्मिथ की प्रतिक्रिया यही होती? अगर इसका जवाब हां है, तो निश्चित ही स्वागत योग्य कदम होता।
--------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।