जैक्सन बचपन से ही स्टार थे, स्कूल की अपनी पहली स्टेज परफोर्मेंस में ही उन्होंने सबका दिल जीत लिया था। उनके पिता सख़्त थे, उनका दवाब रहता कि बच्चे संगीत सीखें, उस पर ध्यान दें, इसके लिए वे उन्हें पीटते भी थे। माइकल का मन पिता के प्रति सख़्त हो गया। इसका एक नुकसान ये भी हुआ कि उन्हें सामान्य बचपन नहीं मिला। वे एक इंटरव्यू में उसे महसूस कर लगभग रो दिए थे। इसकी भरपाई के लिए उन्होंने अपने घर में नैवरलैंड बनाया, जहां बच्चों के लिए सब कुछ था - झूले, स्लाइड्स, पूल, गार्डन। सम्भवतः उसमें माइकल का बचपन भी था। नैवरलैंड के कई वीडियो यूट्यूब पर मौजूद हैं।
वे बच्चों को बहुत पसंद करते। जब उन पर लगे आरोपों के बारे में उनसे एक इंटरव्यू में पूछा गया कि “व्हैन यू इन्वाइट एक्चुअली चिल्ड्रन इंटू यॉर बैड” यानी जब आप बच्चों के साथ बिस्तर साझा करते हैं, तब बीच में रोकते हुए माइकल ने कहा कि “व्हैन यू से बैड, यू आर थिकिंग सैक्चुअल, इट्स नॉट सैक्चुअल” इसके बाद माइकल बताते हैं कि वह जब बच्चों के साथ होते हैं तो संगीत चलाते हैं, किताबें पढ़ते हैं, चिमनी जलाते हैं और उन्हें दूध और कुकीज़ देते हैं, माइकल कहते हैं कि ये तो सभी को करना चाहिए। ऐसा कहते हुए उनकी आंखों में चमक महसूस होती है। माइकल ने अपने बचाव में कहा कि यह सभी आरोप पैसों के लालच में लगाए गए थे। हालांकि अब इसकी वास्तविकता के लिए आंकलन ही लगाए जा सकते हैं।
जैक्सन को जानने वाले कहते हैं कि इन आरोपों के बाद वह मानसिक तौर पर बहुत व्यथित हो गए थे कि उन्होंने नैवरलैंड को छोड़ दिया, उन्होंने वहां जाना बंद कर दिया। वह अपने मन के सबसे क़रीबी हिस्से से दूर हो गए। माइकल के फैन्स कहते हैं कि आस-पास के लोगों के इसी सख़्त व्यवहार ने उन्हें सबसे ज़्यादा ठेस पहुंचाई। शायद वे चीज़ों को बहुत नज़दीक से महसूस करते थे। एक बार उन्होंने कहा था कि वह कोई भी ऐसे गीत नहीं गाते जिसे वह फ़ील नहीं करते। माइकल का एक गीत है ‘हील द वर्ल्ड, मेक इट ए बैटरप्लेस’ जिसे मैं अक्सर सुनती हूं। इस गाने की परफ़ॉर्मेंस के लिए उन्होंने बच्चों का साथ चुना था। संभवत: वह मानते थे कि बच्चे ही इस दुनिया को बेहतर बना सकते हैं, उन पर ही उम्मीद है।
माइकल ने 30 साल की उम्र में अपनी आत्मकथा लिख दी थी, 50 की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। उनके अंतिम संस्कार को लगभर ढाई अरब लोगों ने एक साथ देखा था जो अपने आप में एक इतिहास है, उनके बारे में इतना पढ़ा गया कि उस दिन गूगल भी क्रैश हो गया था। आज माइकल के तमाम गीत यूट्यूब पर मौजूद हैं। वहां उनके किसी भी गीत पर लोगों के कॉमेंट्स पढ़ें तो आप जानेंगे कि उन्हें लोगों की बेपनाह मोहब्बत मिली, आज तक मिल रही है। लेकिन वे अपने निजी जीवन में बहुत अकेले थे, लोग कहते हैं कि सितारे अपने निजी जीवन में अकेले ही होते हैं। मुझे माइकल की हंसी सबसे अधिक भाती है, वह समय के साथ नहीं बदली उनके बचपन से 50 की उम्र तक भी। मैं आसमान को तकते सुदूर किसी अकेले तारे के बारे में सोचती हूं तो मुस्कुराती हूं। कल्पना करती हूं उसके भीतर की हंसी और उजास। धरती को देख फिर ध्यान करती हूं कि कितने तेज़ नक्षत्रों के साथ पैदा होते हैं कुछ लोग।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।