दरअसल, हम हर अनुभव के पीछे कोई वजह तलाशने लगते हैं। हो सकता है कि जिंदगी के कई सवालों के जवाब मौजूद ही न हों। कुछ जवाब ऐसे होते हैं, जो अपने साथ कई नए सवाल लेकर आते हैं। कुछ बातें केवल जीवन जीने, परिस्थितियों से गुजरने और लगातार कोशिश करते रहने से ही समझ आती हैं। उन्हें पहले से समझ लेने या उनके बारे में बहुत ज्यादा सोचने से कुछ हासिल नहीं होता। सबसे खूबसूरत चीजों का कई बार कोई स्पष्ट अर्थ नहीं होता, कम से कम शुरुआत में तो बिल्कुल नहीं। प्रेम और सुंदरता भी तर्क की सीमाओं में नहीं बंधते। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं कि हमें इनके बारे में सोचते समय तर्क का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसका अर्थ सिर्फ इतना है कि इन्हें पूरी तरह समझने और महसूस करने के लिए हमें एक अलग तरह की समझ की जरूरत होती है। अपने सबसे सच्चे स्वरूप में हर खूबसूरत चीज थोड़ी रहस्यमयी होती है। उनका जादू उनके ही भीतर छिपे उस रहस्य में होता है, जिसका स्रोत हमें मालूम नहीं होता और जिसका अंत भी हमेशा स्पष्ट नहीं होता। ऐसी चीजों को समझने का सबसे अच्छा तरीका उन्हें जीना और महसूस करना है। जो लोग प्रेम करने के तरीकों को समझने के बजाय उसके पीछे के कारण तलाशते हैं, वे अक्सर अपना जीवन व्यर्थ गंवा देते हैं। वे ऐसी राहें बनाने में लगे रहते हैं, जिनके सहारे अपनी खुशी को सही साबित कर सकें, जबकि उन्हें सिर्फ उस खुशी को महसूस करने की जरूरत होती है। वे अपनी खुशी को सहज बनाने के बजाय उस पर जरूरत से ज्यादा तर्क करने लगते हैं और इसी कोशिश में उसे महसूस करना भूल जाते हैं।
-101 ऐसेज दैट विल चेंज द वे यू थिंक के अनूदित अंश