क्रिकेट वर्ल्ड कप टीम में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर के सिलेक्शन को लेकर अब तक आलोचना हो रही थी। उनकी फिटनेस पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन इंदौर में श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर आलोचकों का मुंह बंद किया है, पर यहां एक रोचक तथ्य यह है कि श्रेयस अय्यर ने इंदौर में नंबर तीन बल्लेबाज के रूप में बैटिंग की और 90 गेंदों पर 105 रन बनाए। साथ ही, मैन ऑफ द मैच रहे।
इससे पहले के मैचों में श्रेयस चौथे या पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए आ रहे थे। क्या नंबर तीन की पोजीशन बल्लेबाजों के लिए एक गुडलक है? क्योंकि वर्तमान में भारत के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली इसी पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हैं। सभी जानते हैं कि उनके रिकॉर्ड क्या है? क्या श्रेयस अय्यर को नंबर तीन पर आगे बैटिंग का मौका मिलेगा? यह सवाल थोड़ा जटिल है।
अंडर-19 से टीम इंडिया में अब तक के सफर पर नजर
6 दिसंबर को अपना 29वां जन्मदिन मानने जा रहे श्रेयस अय्यर अंडर-19 से टीम इंडिया में शामिल हुए थे। वैसे तो वो मूलतः तमिलनाडु के रहने वाले हैं, लेकिन क्रिकेट की ए, बी, सी, डी मुंबई में सीखी। पूर्व भारतीय खिलाड़ी प्रवीण आमरे ने श्रेयस अय्यर की प्रतिभा को पहचाना था। प्रवीण आमरे की देख-रेख में श्रेयस ने बल्लेबाजी में श्रेष्ठता हासिल की। श्रेयस अय्यर के शुरुआती साथी क्रिकेटर तो उनकी तुलना विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग से करते थे, क्योंकि श्रेयस भी बहुत तेजी से रिस्क लेकर रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। श्रेयस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल के लिए कप्तानी भी करते हैं। हालांकि, पिछले दिनों चोटों के कारण वो क्रिकेट और टीम इंडिया से दूर रहे हैं।
नंबर 3 पर अय्यर का स्कोर
जहां तक श्रेयस अय्यर के बैटिंग ऑर्डर की बात है तो जब भी उन्हें नंबर तीन पोजीशन पर बैटिंग का मौका मिला है, उन्होंने अच्छा स्कोर किया है। नंबर तीन पोजीशन पर उनका स्कोर कार्ड कुछ ऐसा है 9, 88, 65, 54, 63, 44, 80, 49, 82, 3, 105 रन यानी श्रेयस अय्यर को भी इस पोजीशन पर खेलना सुहाता है। हालांकि, श्रेयस अय्यर के आगे संकट यह है कि वर्ल्ड कप में इस पोजीशन पर वो तभी खेल पाएंगे, जब विराट कोहली को आराम दिया जाए। ऐसा वर्ल्ड कप में होना मुश्किल ही दिखता है।
जहां तक श्रेयस अय्यर के इंटरनेशनल क्रिकेट रिकार्ड्स की बात है तो वो टीम इंडिया का क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी-20 में प्रतिनिधित्व करते हैं। सबसे पहले नवंबर 2017 में उन्होंने अपना पहला टी-20 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। वो मैच भारत जीता था। हालांकि, श्रेयस अय्यर को बैटिंग का मौका नहीं मिल पाया था।
अगले ही महीने दिसंबर 2017 में उन्हें वनडे टीम में भी शामिल कर लिया गया। श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले वनडे में श्रेयस ने नंबर 3 पोजीशन पर खेलते हुए 9 रन बनाए थे, लेकिन टेस्ट टीम में शामिल होने के लिए श्रेयस अय्यर को एक लंबा इंतजार करना पड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें नवंबर 2021 में टेस्ट टीम में शामिल किया गया। अपने पहले ही टेस्ट मैच में श्रेयस अय्यर ने 105 रन की शतकीय पारी खेली थी और दूसरी पारी में भी उन्होंने 65 रन बनाए थे।
इतने मैच खेल चुके हैं अय्यर
श्रेयस अय्यर अब तक भारत का 10 टेस्ट, 46 वनडे और 49 टी-20 में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वो टेस्ट में एक शतक, 5 अर्धशतक के साथ 666 रन, वनडे में 46 मैचों में तीन शतक, 14 अर्धशतक के साथ 1753 रन और टी-20 में 7 अर्धशतक के साथ 1043 रन बना चुके हैं। वैसे तो श्रेयस अय्यर सीधे हाथ से ऑफब्रेक और लेगब्रेक गुगली गेंदबाजी भी कर लेते हैं। यह अलग बात है कि उन्हें गेंदबाजी के बहुत मौके नहीं मिले हैं और वो अब तक कोई विकेट भी नहीं ले पाए हैं।
संभवतः श्रेयस के वनडे में 46.13 के अच्छे एवरेज और 97.55 के स्ट्राइक रेट को देखते हुए वर्ल्ड कप टीम में मौका दिया गया है। यह बल्लेबाज टीम इंडिया के क्या कमाल कर पाएगा और उसे वर्ल्ड कप में कितना मौका मिल पाएगा? यह तो जल्द पता चल ही जाएगा, लेकिन जिस तरह से श्रेयस अय्यर का भी फॉर्म लौटा है तो यह टीम इंडिया के लिए सुखद खबर है। अब टीम के अधिकांश खिलाड़ी फॉर्म में लौट आए हैं और पूरी तरह से वर्ल्ड कप के लिए तैयार हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw। co। in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।