महात्मा गांधी 1 अगस्त को श्रीनगर पहुंचे। 4 अगस्त को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना हो गए।
- फोटो : फाइल फोटो
गांधी की कश्मीरी मुसलमानों में लोकप्रियता को देख हैरान थे पाकिस्तान समर्थक
जब देश का विभाजन हो रहा था, उसी समय महात्मा गांधी को कश्मीर जाना पड़ा। यह गांधी की पहली और अंतिम कश्मीर यात्रा थी। हालांकि इससे पहले दो बार महात्मा गांधी का कश्मीर जाने की योजना बनी थी। लेकिन वो जा नहीं पाए थे। 1915 में महात्मा गांधी महाराजा हरि सिंह के आमंत्रण के बाद भी नहीं जा पाए थे।
इसके बाद एक बार 1938 में भी कश्मीर जाने की योजना बनाई गई थी। उस समय भी कश्मीर के राजा के प्रधानमंत्री का आमंत्रण महात्मा गांधी के पास आया था। लेकिन उसके बाद भी गांधी कश्मीर नहीं जा पाए। लेकिन आखिरकार उन्हें कश्मीर जाना पड़ा।
कश्मीर रियासत स्वतंत्र हो, या इसका विलय भारत और पाकिस्तान में हो इसकी विकट स्थिति पैदा हो गई थी। इन परिस्थितियों में महात्मा गांधी से आग्रह किया गया कि वे कश्मीर एक बार जाए। कश्मीरी जनता के बीच खासकर कश्मीरी मुसलमानों के बीच गांधी खासे लोकप्रिय थे। अंत में अगस्त 1947 में महात्मा गांधी कश्मीर पहुंचे।
मुजाहिद मंजिल में बीस हजार से ज्यादा कश्मीरी पहुंचे गांधी को सुनने
महात्मा गांधी 1 अगस्त को श्रीनगर पहुंचे। 4 अगस्त को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना हो गए। इस बीच तीन दिनों में गांधी की कश्मीरी मुसलमानों के बीच लोकप्रियता देख मोहम्मद अली जिन्ना परेशान हो गए थे, क्योंकि जिन्ना को जमींदार समर्थक मान कश्मीरी मुसलमानों ने खासी लानत-मलानत की थी।
गांधी रावलपिंडी के रास्ते कश्मीर पहुंचे थे। डॉन जैसे अखबारों ने गांधी की यात्रा पर नजर रखी हुई थी। साथ ही यह कहना शुरू कर दिया था कि गांधी की यात्रा कश्मीर में हो रही है, अब कश्मीर का भारत में विलय से कोई रोक नहीं सकता है। पाकिस्तान समर्थक अखबार लगातार यह देख रहे थे कि गांधी की यात्रा को लेकर पूरा श्रीनगर उत्साह और आनंद में है।
नेशनल कांफ्रेंस ने गांधी का शानदार स्वागत किया था। गांधी जब नेशनल कांफ्रेंस के वर्करों को संबोधित करने मुजाहिद मंजिल पहुंचे तो वहां हजारों की संख्या में खड़ी भारी भीड़ ने ‘गांधी बाबा की जय’ नारा लगाना शुरू कर दिया। गांधी के आने की खुशी में नेशनल कांफ्रेंस के वर्कर पटाखे छोड़ रहे थे। लगभग बीस हजार की भीड़ वहां गांधी को सुनने के लिए मौजूद थी। यह स्थित पाकिस्तान के जन्म लेने (14 अगस्त 1947) से सिर्फ दो सप्ताह पहले की थी।
महात्मा गांधी कश्मीर पर किसी भी तरह की मध्यस्थता के खिलाफ थे।
- फोटो : फाइल फोटो
गांधी ने कश्मीर विवाद को दिपक्षीय वार्ता से हल करने को कहा था
आज भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर को लेकर जोरदार तनाव है। बार-बार तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की बात हो रही है। सच्चाई तो यह है कि कई बार तीसरे पक्ष की मध्यस्थता हो चुकी है। इस मध्यस्थता की सहमति भारत और पाकिस्तान दोनों की रही।
अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में कारगिल युद्ध के समय अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने मध्यस्थता की, जिसे वाजपेयी और पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ दोनों ने स्वीकार किया।
महात्मा गांधी के जीते-जीते कश्मीर पर पाकिस्तान सरकार के समर्थन से जनजातियों ने हमला कर दिया था। महात्मा गांधी सारी स्थिति को देख रहे थे, अपनी राय भी रख रहे थे। उनके सामने संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता की बात सामने आ गई। लेकिन महात्मा गांधी ने कश्मीर मामले पर तीसरे पक्ष की मध्यस्थता का विरोध किया।
गांधी की साफ राय थी कि अंतराष्ट्रीय राजनीति के अपने स्वार्थ होते हैं और वे भारत और पाकिस्तान दोनों को नुकसान देंगे। गांधी लॉड माउंटबेटेन के उस सलाह से राजी नहीं थे जिसमें संयुक्त राष्ट्र में जाने की बात की गई थी।
25 दिसंबर 1947 को अपने भाषण में गांधी ने कहा कि उन्होंने कुछ अखबारों में पढ़ा है कि कश्मीर पर आर्बिटेशन की बात हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत और पाकिस्तान अपने विवादों के हल के लिए तीसरी पार्टी पर निर्भर करेंगे?
हालांकि जब उनपर बाद में दबाव पड़ा तो उन्होंने कहा कि अगर उनसे यह पूछा जाएगा कि क्या संयुक्त राष्ट्र में भारत के जाने के फैसले को वे मंजूर करते है तो उनका जवाब होगा कि वे इस फैसले को मंजूर भी करते है और नहीं मंजूर करते है।
लुईस फिशर की किताब द लाइफ ऑफ महात्मा गांधी के अनुसार नेहरू द्वारा कश्मीर विवाद को संयुक्त राष्ट्र में ले जाने पर महात्मा गांधी ने खेद व्यक्त किया था।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।