फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूरोप में बढ़ता साइकिल टूर का चलन

Sat, 06 Feb 2021 04:51 PM IST
प्रियंवदा सहाय प्रियंवदा सहाय
विज्ञापन
बाईसकिल टूर के जरिए आपको तरह तरह के साइकिल पर घूमने का मौक़ा तो मिलता ही है साथ ही कई तरह के पैकेज भी मिलते हैं। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

प्रदूषण फैलाए बग़ैर सबसे सस्ती सवारी से शहर देखने का मज़ा ही कुछ और है। पर्यटन के तरीके दिनों दिन बदलते जा रहे हैं। ट्रेवल कंपनियां भी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ऐसे फ़ीचर जोड़ती रहती हैं जो किफ़ायती और सबके हित में हों।

विज्ञापन


इसी का उदाहरण पेश करता है यूरोप में साइकिल टूर का बढ़ता चलन। यह किफ़ायती और पर्यावरण के लिहाज़ से घुमक्कड़ी का सबसे उपयोगी साधन है। जबकि यह लोगों के बीच पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता और गंभीरता को भी दर्शाता है।

बाईसकिल टूर के जरिए आपको तरह तरह के साइकिल पर घूमने का मौक़ा तो मिलता ही है साथ ही कई तरह के पैकेज भी मिलते हैं। यह पूरे परिवार के साथ साइकिल की सवारी कर शहर को क़रीब से देखने का अनूठा विकल्प बन चुकी है। मुझे ऐसा कुछ देखने का अवसर यूरोप के छोटे से देश लातविया में मिला।
विज्ञापन

 

लातविया की राजधानी रीगा में ट्रेवल एजेंट शहर के सुंदर नज़ारों को देखने के लिए साइकिल सवारी को प्रमोट करते हुए मिले। - फोटो : Amar Ujala
लातविया की राजधानी रीगा में ट्रेवल एजेंट शहर के सुंदर नज़ारों को देखने के लिए साइकिल सवारी को प्रमोट करते हुए मिले। पर्यटकों के कई ऐसे जत्थे भी दिखे जो साइकिल पर हेलमेट लगाए गाइड का अनुसरण करते हुए शहर की भव्यता का दीदार कर रहे थे।

इनमें युवा टोली के साथ दस-बारह साल के छोटे बच्चे और अधेड़ उम्र के लोग भी थे। इन सब के सिर पर हेलमेट और गाइड की आवाज सभी तक पहुंच सके इसलिए कान में इयरफ़ोन थे। जगह-जगह पर साइकिल पार्किंग की व्यवस्था थी।

रीगा में पर्यटन का यह माध्यम शहर की सैर कराने वाली हॉप ऑन-हॉप ऑफ़ बसों से कम लोकप्रिय नहीं है। इसे स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिहाज़ से बेहतर पर्याय माना जाता है। टूर गाइड लोगों को बता रहे थे कि साइकिल की सवारी प्रकृति और शहर के क़रीब जाने, उनका आनंद उठाने का सबसे स्वस्थ तरीक़ा है।

यह आपकी स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति आपकी सोच से भी जुड़ा हुआ है। शहर के अंदर और आसपास की घुम्मकड़ी के लिए यह सवारी लातविया मे खासी लोकप्रिय हो चुकी है। जबकि फ्रांस, डेनमार्क, स्वीडन, जर्मनी समेत कई दूसरे यूरोपीय देशों में भी साइकल टूर लोकप्रिय है।
 
विज्ञापन

लातविया काफ़ी छोटा देश है, इसलिए टूर ऑपरेटर साइकिल से कई शहरों में घूमने के लिए पैकेज देते हैं। - फोटो : Amar Ujala
लातविया काफ़ी छोटा देश है, इसलिए टूर ऑपरेटर साइकिल से कई शहरों में घूमने के लिए पैकेज देते हैं। फ़ैमिली पैकेज, ग्रुप बुकिंग पैकेज, कॉरपोरेट पैकेज और ऐसे ही कई दूसरे पैकेज भी हैं। ग्रुप बुकिंग में कम से कम दो लोगों की बुकिंग होनी चाहिए।

दरअसल, साइकिल टूर में पर्यटकों के साथ टूर गाइड भी होते हैं। ये बहुभाषी होते हैं जो शहर के इतिहास, स्मारक व तमाम दर्शनीय स्थलों के बारे में बारीकी से जानकारी देते हैं। साइकिल टूर स्थानीय और क्षेत्रीय स्तर पर तो होते ही हैं, अंतर्राज्यीय और देशव्यापी भी होते हैं। सड़कों की बेहतरीन स्थिति और सराहनीय यातायात प्रबंधन की वजह से यहां साइकिल टूर करना एक बेहतर अनुभव है।

हालांकि इस तरह से किसी शहर के सैर सपाटे के लिए आपके साइकिल चलाने के कौशल और अच्छे स्वास्थ्य का होना भी ज़रूरी है। शहर के दर्शन कराने वाली बसों की तरह टूर ऑपरेटर साइकिल चालकों को रेनकोट और मैप उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा अच्छी साइकिल के साथ सेफ़्टी लॉक व रिपेयर किट भी उपलब्ध कराया जाता है।

आपको बता दूं कि लातविया में बारह साल तक के बच्चों के लिए साइकिल सवारी करते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हालांकि सुरक्षा के लिहाज़ से अधिकांश साइकिल चालक हेलमेट ज़रूर पहनते हैं। इससे वे पथरीले और ओल्ड टाउन की सड़कों पर भी सुरक्षित तरीके से साइकिल सवारी कर सकते हैं।

टूर ऑपरेटरों के पास क़रीब आधा दर्जन से ज्यादा तरह के साइकिल के विकल्प मौजूद होते हैं। इनमें सिटी बाइक, ट्रैकिंग बाइक्स, फोल्डिंग वाली साइकिल, इलेक्ट्रिक बाइक, ट्रेल बाइक, टीनएजर बाइक और भी कई ख़ास तरह की साइकिलों का विकल्प है। 
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें