नकली इंजेक्शन वह भी केवल नमक और ग्लूकोज से दवा फैक्ट्री में, यह घिनौना, शर्मनाक,है।
- फोटो : iStock
कुछ दिन पहले गुजरात की मोरबी पुलिस ने नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया और इसके जबलपुर सहित देशभर में जहां-तहां कनेक्शन होने पर एक बड़े दवा कारोबारी को गिरफ्तार भी किया। मामला कितना बड़ा और किस तरह नकली इंजेक्शन से नोट छापने का है इससे ही पता लगता है कि पुलिस ने इनसे 90 लाख रुपये और 3370 नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन जप्त किए तथा 7 आरोपी गिरफ्तार किए।
इन्दौर में भी दो दिन पहले विजय नगर पुलिस ने रेमडेसिविर के नकली इंजेक्शन को बेचते कुछ लोगों को पकड़ा, जिनमें एक हॉस्पिटल का डॉक्टर है। फिलाहाल 11 आरोपियों समेत 14 इंजेक्शन जप्त हो चुके हैं। यहां भी गुजरात में कनेक्शन मिला है। ये मौत के सौदागर सोशल मीडिया पर मदद की दुहाई देकर महंगे दाम में नकली इंजेक्शन बेचते थे।
हरिद्वार से भी एक बड़ी चेन जुड़नी शुरु हुई। मामले में 26 अप्रेल को दिल्ली से साधना शर्मा नाम की महिला को संदिग्ध लगने पर निगरानी रखी गई, जिसके बाद तो पूरे गिरोह के तार खुलने लगे। पुलिस ने जाल फैलाया और उत्तराखण्ड के पौड़ी जिले के कोटद्वार तक जा पहुंची। यहां नेक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स के नाम से लीज पर ली हुई कंपनी आदित्य गौतम द्वारा चलाई जा रही थी जो दूसरी एंटी बायोटिक दवाईयों से नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन तैयार कराने लगा।
कुछ इंजेक्शन के लेबल हटाकर उन पर रेमडेसिविर के लेबल लगाने लगा। धीरे-धीरे अपने नेटवर्क के जरिये पूरे देश में मुंहमांगे दामों में बेचने लगा। मामले में दिल्ली पुलिस ने कई गिरफ्तारियों के साथ 198 नकली इंजेक्शन, 3000 खाली शीशियां, पैकिंग मशीने, नकली रैपर्स, पैकिंग का अन्य सामान, दूसरी कंपनी की एंटीबायोटिक दवाईयां, कंप्यूटर और कुछ गाड़ियां जप्त की है।
प्रधानमंत्री की जेनरिक दवाओं की परिकल्पना के बावजूद लोगों को सस्ती दवा न मिलने का सच भी इसी में छुपा है। रेमडेसिविर की कमी के बाद कालाबाजारी तक तो मामला समझ आता है, लेकिन नकली इंजेक्शन वह भी केवल नमक और ग्लूकोज से दवा फैक्ट्री में तैयार करने को जितना भी घिनौना, शर्मनाक, घोर आपराधिक कहा जाए कम है। इन्हें सामूहिक नरसंहार का दोषी भी कहना बेजा नहीं होगा।
यकीनन इस सच से दुनिया के सामने भारत की छवि को कितना गहरा धक्का लगा है, जिसका आकलन नामुमकिन है। सामान्य दिनों में विदेशों से आने वाले सैलानियों से लेकर तमाम दूतावासों और यहां पर आए हजारों विदेशियों के दिमाग में क्या चलेगा, सोचकर भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। दवा नक्कालों को मौत का सौदागर या बीहड़ के खूंखार अपराधी से भी बड़ा कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा।
लगता नहीं कि अब दवा बनाने और बेचने पर सख्ती होनी चाहिए। निगरानी और जांच तंत्र को पुख्ता और ऑनलाइन होना चाहिए। कम से कम जीवन रक्षक और महंगी दवाओं का ऑनलाइन डेटा हो, जिसमें बैच से लेकर एक्पायरी तक की पारदर्शिता की जानकारी आम और खास को हो ताकि कालाबाजारी पर रोक लगे। इन सबसे बढ़कर यह कि क्या कभी नकली इंजेक्शन से जान गंवा चुके लोगों का पता लग पाएगा भी या नहीं?
सच में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली इस सच्चाई का जवाब शायद यमराज के पास भी नहीं होगा, क्योंकि कहते हैं वह तो बस मौतों का हिसाब किताब करता है, मौत के सौदागरों से दी हुई मौतों का नहीं! कानून की सख्ती की बात तो की जा सकती है, लेकिन नकली इंजेक्शन से हुए नरसंहारों पर सार्वजनिक फांसी दिए जाने की बात करना भी अपराध ही होगा। इतनी तो उम्मीद की जा सकती है कि इन मौत के सौदागरों का हर कहीं फास्ट ट्रायल कोर्ट में मामला चले और इन्हें भी वही सजा मिले जिसका दर्द कीमत चुकाकर भी लोगों ने झेला है ताकि आगे नक्कालों से महामारी में मौतों का आंकड़ा न बढ़े।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।