केके एक शानदार गायक थे। एक दौर में उन्होंने बेहतरीन गाने गाए।
- फोटो : सोशल मीडिया
उम्र के सोलहवें-सत्रहवें दौर में इस गाने को शायद ही किसी ने न गुनगुनाया होगा। इसके बाद तो मेरा पहला पहला प्यार, इश्क ने तेरे इश्क़ ने जैसे गानों के साथ केके इश्क़ करने वालों के ऑफिशियल मैस्कॉट बन गए। अपनी खूबसूरत आवाज़ के साथ ही हमेशा कायम रहने वाली मुस्कान से उन्होंने सबके दिलों में स्थाई जगह बना डाली।
ये वो दौर था जब भारत में भी रॉक और पॉप को लेकर नए प्रयोग किए जा रहे थे और केके ने इसको नया अंदाज दिया। उनकी आवाज़ की सबसे बड़ी खासियत थी हाई नोट्स पर भी मुलायम बने रहने की। किशोर कुमार को अपना आदर्श मानने वाले इस गायक ने भी संगीत के लिए कोई विधिवत शिक्षा नहीं पाई थी। ये उनकी प्रकृति प्रदत्त आवाज़ का ही असर था जिसने उनके गाए गानों को अमर कर दिया। दिल इबादत कर रहा, तड़प तड़प के इस दिल से, तू ही मेरी शब है, जैसे अनगिनत गाने हैं जो सदियों तक प्रेम का प्रतीक बनकर लोगों को लुभाते रहेंगे।
खासकर युवाओं में बेहद प्रसिद्धि, और कम समय मे इतनी ऊंचाई पर पहुंचने के बावजूद केके बेहद विनम्र रहे। उन्होंने अपने समकक्ष गायकों से लेकर अपने बाद में आने वाली पीढ़ियों तक हर गायक की खुलकर प्रशंसा की। यही बड़प्पन असली कलाकार की पहचान होता है। केके अचानक ही, कम उम्र में सफर अधूरा छोड़कर चल दिये। उनके पीछे गुलाब की पंखुड़ियों की तरह महकते बिखरे रहेंगे उनके गाने और उनकी आवाज़ गूंजकर कहती रहेगी-
हम रहें या न रहें कल,
कल याद आएंगे ये पल।
पल ये हैं प्यार के पल,
चल आ मेरे संग चल।
चल सोचे क्या, छोटी सी है ज़िन्दगी।
कल मिल जाएं, तो होगी खुशनसीबी।