सफलता का संबंध इस बात से होता है कि आपने क्या हासिल किया। पर सार्थकता का संबंध इस बात से है कि आपने जो हासिल किया, उसका उपयोग क्या और किसके लिए किया। आप बड़े वैज्ञानिक बन सकते हैं, लेकिन यदि आपका ज्ञान मानवता के काम नहीं आता, तो क्या आपका हासिल सार्थक माना जाएगा? आप बहुत अमीर हैं, लेकिन यदि आपकी दौलत से किसी के जीवन में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आता, तो क्या केवल अमीर होना ही जीवन की कामयाबी कही जाएगी? मैं ऐसा नहीं मानता। मेरे जीवन में विज्ञान को लेकर दिलचस्पी किसी पुरस्कार की लालसा से पैदा नहीं हुई थी। मुझे तो यह जानने की उत्सुकता थी कि ध्वनि क्या है और आवाज एक जगह से दूसरी जगह तक कैसे पहुंच सकती है।
मेरी मां को सुनने में दिक्कत थी। इस वजह से ध्वनि और संचार का सवाल मेरे लिए सिर्फ वैज्ञानिक अध्ययन का विषय नहीं रह गया था। वह मेरे जीवन के अनुभव से भी जुड़ गया था। मैंने हजारों प्रयोग किए, गलतियां कीं और अपने विचारों को बार-बार परखा। और इन्हीं सबका परिणाम टेलीफोन के आविष्कार के रूप में सामने आया। पर आज जब मैं पीछे मुड़ कर देखता हूं, तो मुझे लगता है कि उस यात्रा का सबसे मूल्यवान हिस्सा केवल टेलीफोन नहीं था, बल्कि वह जिज्ञासा थी, जो मुझे लगातार खोज के लिए प्रेरित करती रही।
यदि आप अपनी एक उपलब्धि को ही अपनी अंतिम पहचान बना लेंगे, तो संभव है कि आप भविष्य की अनेक संभावनाओं से वंचित रह जाएं। टेलीफोन के आविष्कार के बाद भी मैंने प्रयोग जारी रखे। प्रकाश के माध्यम से ध्वनि भेजने की तकनीक, विमानन और अनेक दूसरे वैज्ञानिक विषयों में मेरी रुचि बनी रही। सफलता मिलने पर स्वयं से यह मत कहिए कि मैंने सब कुछ हासिल कर लिया, बल्कि यह पूछिए कि अब मैं क्या नया सीख सकता हूं? जीवन की सार्थकता केवल मंजिल तक पहुंचने में नहीं, अपनी यात्रा के प्रति जीवित उत्सुकता बनाए रखने में भी है। जीवन की महानता इस बात में नहीं है कि आपने दुनिया में कितना बड़ा मुकाम हासिल कर लिया, बल्कि इस बात में है कि अपनी जगह पर रहते हुए आपने दुनिया के लिए कितना अच्छा काम किया।