फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरा पहलू: गुरु नानक देव जी अफ्रीका भी गए थे? युगांडा के इस गांव में आज भी जिंदा है सदियों पुरानी मान्यता

Tue, 24 Nov 2026 06:17 AM IST
शिवम गर्ग विवेक शुक्ला

सार

युगांडा के बामुनानिका गांव में सिख और स्थानीय अफ्रीकी समुदाय के लोग मानते हैं कि गुरु नानक देव जी यहां आए थे। स्थानीय लोगों के बीच सदियों से यह विश्वास चला आ रहा है कि बहुत पहले एक संत यहां पहुंचे थे और उन्होंने इस स्थान पर ध्यान लगाया था।
विज्ञापन
अफ्रीका में भी गूंजता है गुरु नानक देव जी का संदेश! - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

युगांडा में रहने वाले हजारों सिखों और वहां के स्थानीय अफ्रीकी समुदाय के अनेक लोगों को पूरा विश्वास है कि गुरु नानक देव जी वहां पहुंचे थे। वे युगांडा की राजधानी कंपाला के निकट एक छोटे-से गांव बामुनानिका को गुरु नानक देव जी की यात्रा से जोड़कर देखते हैं। स्थानीय लोगों के बीच सदियों से यह मान्यता है कि बहुत पहले एक संत यहां आए थे और उन्होंने यहां ध्यान लगाया था। अफ्रीकी समुदाय के लिए उस संत की पहचान आज भी श्रद्धा का विषय है। सिख समुदाय का दृढ़ विश्वास है कि वे संत कोई और नहीं, बल्कि बाबा नानक थे। अलग-अलग संस्कृति और धर्म से जुड़े दो समुदायों ने इस स्थान से जुड़ी एक ही मान्यता को पीढ़ियों से संजोकर रखा है।

विज्ञापन


चार ओलंपिक खेलों में केन्या की ओर से हॉकी खेलने वाले अवतार सिंह सोहल तारी बताते हैं कि पूर्वी अफ्रीका के सिख समुदाय में इस स्थान के प्रति गहरी आस्था है। 'गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पूर्वी अफ्रीका के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में सिख यहां पहुंचते हैं। हमें सबसे पहले इस स्थान के बारे में अफ्रीकी लोगों ने ही बताया था।'

बामुनानिका को एक पवित्र तीर्थस्थल माना जाता है। आसपास का काफी इलाका सूखा है और यहां मीठे पानी के स्रोत आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। लेकिन जिस स्थान पर उस संत के ध्यान लगाने की मान्यता है, वहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर मीठे पानी का एक छोटा-सा प्राकृतिक झरना है, जिसके पानी को पवित्र मानकर श्रद्धालुओं को अमृत के रूप में दिया जाता है।
विज्ञापन


पूर्वी अफ्रीका में भारतीयों, खासकर पंजाबियों के पहुंचने के बाद सिख समुदाय को यहां के बारे में जानकारी मिली। ब्रिटिश शासन के दौरान बड़ी संख्या में सिखों को युगांडा रेलवे के निर्माण कार्य के लिए पूर्वी अफ्रीका लाया गया था। गुरु नानक देव जी ने गुरबाणी और मानवता का संदेश फैलाने के लिए अपने जीवन में अनेक लंबी यात्राएं की थीं, जिन्हें 'उदासियां' कहा जाता है। उनकी यात्राओं का वर्णन कई सिख धार्मिक व ऐतिहासिक ग्रंथों में मिलता है। इनमें 'पुरातन जनमसाखी' भी शामिल है, जिसे सबसे पुराने पारंपरिक विवरणों में से एक माना जाता है।

गुरु नानक देव जी वास्तव में पूर्वी अफ्रीका गए थे या नहीं, यह शोध का विषय है। लेकिन अफ्रीकी, सिख और हिंदू समुदायों में यह मान्यता पीढ़ी-दर-पीढ़ी से जीवित रही है। इसी मान्यता ने इस छोटे से गांव को एक विशेष सांस्कृतिक पहचान दी है। गुरु नानक देव जी का संदेश किसी एक समुदाय या भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है। समानता, मानवता, करुणा और भाईचारे की उनकी शिक्षाएं आज भी दुनिया भर में लोगों को प्रेरित करती हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें