27jjrp01- सिविल अस्पताल के शव गृह में काम करते मजदूर। संवाद
झज्जर। सिविल अस्पताल के शवगृह में आग लगने के बाद दीवारें और बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप होने से पोस्टमार्टम नहीं हो रहे।
इसे ठीक करने के लिए बुधवार को पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से काम शुरू करवाया गया। फिलहाल दीवारों पर धुएं की वजह से कालिख को साफ करने का काम शुरू किया गया। उसके बाद रंगरोगन किया जाएगा। उसके बाद ही बिजली आपूर्ति को सामान्य किया जाएगा। इसमें दो से तीन दिन का समय लगेगा तब तक पोस्टमार्टम व्यवस्था बाहर ही रहेगी। वहीं सीएमओ ने आग लगने की वजह जानने को लेकर जांच कमेटी भी बना दी है।
यहां बता दे कि बीते रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शवगृह के कमरों में आग लग गई थी। चिकित्सक शवगृह परिसर में खुले आसमान के नीचे स्टैंड पर गत्ते व चादर लगाकर पोस्टमार्टम कर रहे थे। यह मामला अमर उजाला ने 26 नवंबर के अंक में खुले में पर्दे लगाकर हो रहा पोस्टमार्टम शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद सिविल अस्पताल प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर अधिकारियों को मौका दिखाकर इसकी रिपेयरिंग की मांग रखी थी, जिस पर बुधवार को पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने काम शुरू कर दिया।
सिविल अस्पताल के एसएमओ डाॅ. अजय सिंगला ने बताया कि शवगृह में काम शुरू करवा दिया गया है। एक-दो में व्यवस्था ठीक हो जाएगी।