बहादुरगढ़। वार्ड-31 में पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने सोमवार को पार्षद प्रतिनिधि सिकंदर प्रधान के नेतृत्व में संबंधित विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने वार्ड में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और गंदे व बदबूदार पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
वार्ड निवासी रिंकी, सुशीला और कमलेश ने बताया कि कई-कई दिनों तक पानी की सप्लाई बाधित रहती है। इससे लोगों को पीने और घरेलू कार्यों के लिए पानी जुटाने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि सप्लाई शुरू होने पर कई बार गंदा पानी आता है।
सिकंदर प्रधान ने कहा कि स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल्द समस्या दूर करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी संबंधित कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।