भले ही गर्मी से कुछ राहत मिली है, मगर पिछले दिनों गर्मी के कारण सुखना में गिरा पानी का स्तर।
- फोटो : अजय वर्मा
झुलसा देनी वाली गर्मी के एक दिन बाद ही शहरवासियों को थोड़ी राहत मिल गई है। मंगलवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के कारण चंडीगढ़ समेत पंजाब व हरियाणा में पूरे दिन हल्के बादल छाए रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इससे मंगलवार को दिन का तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के मुकाबले पांच डिग्री कम था। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मई के पहले हफ्ते का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान था।
मौसम विभाग ने सोमवार को संभावना जता दी थी कि चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों में बादल आने की उम्मीद है। उम्मीद के मुताबिक बादल छाए और तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को भी तापमान 37 डिग्री के आसपास रहने वाला है। बादल छाए रहेंगे। दूसरी तरफ उत्तराखंड व शिमला के कई हिस्सों में बारिश भी हुई है। इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटे हरियाणा व पंजाब के एक दो इलाकों में 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं भी चलेंगी।