मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आमदनी को जल संरक्षण की पहल के माध्यम से दोगुना करने के लिए राज्य सरकार ने हिमाचल को 4751.24 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाली परियोजना तैयार की है।
इस प्रोजेक्ट का प्रथम चरण 708.87 करोड़ रुपये का होगा। इसी को मंजूरी मिली है। इसमें चैकडैम, कुएं, कूहलें और अन्य जल संरक्षण ढांचे तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 423 करोड़ रुपये की समेकित खुंब विकास योजना राज्य के बागवानी समुदाय के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह महत्वाकांक्षी योजना न केवल किसानों की आय को दोगुना करने बल्कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देेने में सहायक सिद्ध होगी।
दोनों परियोजनाएं राज्य सरकार ने पिछले तीन महीनों में तैयार की है और केंद्र सरकार ने इनकी स्वीकृति दी है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के लोगों के लिए यह प्रसन्नता का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मशहूर कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रदेश में मशरूम की खेती का जिक्र किया था।
इस परियोजना से राज्य में मशरूम की खेती को बढ़ावा मिलेगा। मशरूम की सभी किस्में उगाने के अलावा मशरूम की खेती का उच्च ज्ञान भी प्राप्त किया जाएगा। यह राज्य के किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा।