मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में एक बाइक पर सवार दो युवक सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरे। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। शाम को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने शवों की शिनाख्त की। मरने वाला एक युवक फर्रुखाबाद तथा दूसरा दूसरा थाना बिछवां क्षेत्र का रहने वाला था।
बिछवां-हन्नखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पानी से भरे एक गड्ढे में दो युवकों को पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुदेश पाल पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पानी से दोनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार किसी हादसे का शिकार होकर सड़क के नीचे पानी के गड्ढे में गिर गए होंगे। चोट लगने और पानी में डूबने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों व आसपास के गांव के लोगों से शवों की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।