झज्जर। तीन दिन पहले बेरी में गौतस्करों और गोरक्षक दल के सदस्यों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही मामले की जांच के दौरान पता चला है कि गौतस्कर राजस्थान-भिवानी बॉर्डर के पास गायों को जंगलों से लाते थे।
दोनों आरोपियों की पहचान भिवानी के मतानी गांव निवासी गुलाब और नूहं निवासी तौफिक के रूप में हुई है। आरोपी गुलाब भिवानी-राजस्थान बॉर्डर के जंगल से गायों की सूचना उनके अन्य साथियों को देते थे। इसके बाद गाय एकत्रित कर कंटेनर में भरवा देते थे। वहीं, इन गायों के आरोपी तौफिक के पास पहुंचाया जाता था। तौफिक पर पहले भी गौकशी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, पहले पकड़े गए आरोपी कयूम को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जहां उसने मुख्य आरोपी तौफिक व गुलाब के बारे में बताया। इसके बाद अब कयूम को जेल भेज दिया गया है।
सीआईए झज्जर इंचार्ज विवेक मलिक ने बताया कि आरोपी कयूम को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया, जहां उसने मुख्य आरोपी तौफिक व गुलाब के बारे में बताया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी राजस्थान-भिवानी बॉर्डर के पास स्थित जंगल से गाय को एकत्रित करते थे और उसे तौफिक के पास भेजा जाता था।