बहादुरगढ़। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पुराने डीजल और बीएस-6 से नीचे के वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंधों से ट्रक संचालक परेशान हैं। प्रतिबंधों के कारण कारोबार प्रभावित होने और लाखों रुपये का निवेश फंसने से ट्रक मालिकों ने सरकार से राहत की मांग की है। शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने बादली रोड स्थित शिव टर्बो ट्रक यूनियन पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
यूनियन महासचिव प्रवीण मान ने बताया कि कई संचालकों ने बैंक से कर्ज लेकर ट्रक खरीदे हैं। वाहन का पंजीकरण, टैक्स और अन्य सरकारी शुल्क जमा कराने के बावजूद 10 साल पुराने डीजल वाहनों को 15 साल की पंजीकरण अवधि पूरी होने से पहले ही खड़ा करना पड़ रहा है। इससे बैंक की किस्तें, कर्मचारियों का वेतन और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस नेता वेद प्रधान, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष सीटू बराही, युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव और शहरी ब्लॉक अध्यक्ष कमल अरोड़ा ने ट्रक मालिकों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के साथ रोजगार और कारोबार का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
प्रदीप यादव ने प्रभावित वाहन मालिकों को राहत देने और बचे हुए टैक्स का रिफंड या समायोजन करने की मांग की। वहीं, कमल अरोड़ा ने बीएस-6 से नीचे के वाहनों के दिल्ली प्रवेश पर रोक और मासिक टोल पास की सुविधा नहीं मिलने से कारोबार पर पड़ रहे असर का मुद्दा उठाया।
इस अवसर पर हरबीर जून, कपिल, आशु, मनोज, अनार, साहिल, विशाल, रामावतार, संजय प्रधान, संजय पंडित, अमित, राजबीर, जयकरण, सतीश और अशोक मौजूद रहे।
-फोटो 91 : शिव ट्रबों ट्रक यूनियन में पहुंचे कांग्रेसी नेता। स्रोत कार्यालय