शायर हाशिम फिरोजाबादी व साथ में परिचित
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मशहूर शायर हाशिम फिरोजाबादी पर तेजाब फेंकने और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नामजद दो आरोपी अभी फरार हैं। डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर रविवार को हाशिम का मेडिकल बोर्ड से दोबारा मेडिकल कराया है। इसके बाद एसिड अटैक की धारा बढ़ा दी गई है।
शायर हाशिम फिरोजाबादी पर हुए हमले को शुरू में पुलिस हल्के में ले रही थी। शनिवार शाम को पुलिस तब हरकत में आई, जब हाशिम फिरोजाबादी पर हमले की घटना का संज्ञान देश के जानेमाने कवियों और शायरों ने लिया। शनिवार देर शाम एसएसपी सचिंद्र पटेल ने घटना पर अपना बयान जारी किया और रात में ही आरोपियों के घर पर दबिश दी।
रविवार को पुलिस ने हमले के तीन आरोपी (तीनों सगे भाई) गिरफ्तार किए। मामला तूल पकड़ा तो पुलिस ने शनिवार को जो केस दर्ज किया था उसमें आनन फानन में एसिड अटैक की धारा 326 ए भी जोड़ ली। डीएम के हस्तक्षेप के बाद हाशिम फिरोजाबादी का मेडिकल पुन: मेडिकल बोर्ड से कराया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पकड़े गए तीनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मोहल्ला राहीनगर निवासी शायर हाशिम फिरोजाबादी ने 19 अक्तूबर को नाले की पुलिया के पास छात्राओं से छेड़खानी का विरोध किया था इस पर उनकी लात घूसों से पिटाई करने के साथ ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया था। इससे उनका चेहरा और हाथ झुलस गए।
पुलिस ने मेडिकल कराने के साथ तहरीर के आधार पर मारपीट का अभियोग सैफ, मुसैफ व सनी , सकलैन के खिलाफ दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी को एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह और सीओ सिटी डा. अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में टीमें लगाई थी।
एसएचओ रसूलपुर वीरेंद्र कुमार बघेल, उप निरीक्षक ओमेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ नगला बरी चौराहे से घटना के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए तीनों सगे भाईयों में दक्षिण नाले की पुलिया के निवासी सैफ, मुसैफ व सनी हैं। थाना पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि घायल हाशिम फिरोजाबादी का दोबारा से चिकित्सक के पैनल से मेडिकल कराया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस में धारा 326 भी जोड़ी गई है।