लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र में पक्षीविहार के पास अंग्रेजी शराब के सेल्समैन की आंखों में मिर्च झोंक बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। गमीनत रही कि सेल्समैन चश्मा लगाए था और आंखों में मिर्च का असर नहीं हुआ।
उसने बाइक भगाई और एक भीड़भाड़ वाले एक ढाबे में रुक गया। इसके बाद पीछा कर रहे लुटेरे भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक बैग में शराब बिक्री के 70 हजार रुपये थे।
अजगैन कस्बा निवासी पंकज सिंह नवाबगंज कसबे की ही एक अंग्रेजी शराब की दुकान में सेल्समैन है। गुरुवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। बैग में शराब बिक्री के 70 हजार रुपये का कैश था। दुकान से करीब पांच सौ मीटर दूर हाइवे पर पहुंचा था तभी एक बाइक में सवार तीन लुटेरों ने पीछा किया।
शक होने पर बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। पक्षी विहार के निकट लुटेरों ने पंकज की आंखों में मिर्च झोंक दी। पंकज आंखों में चश्मा लगाए था। इससे आंखों पर अधिक असर नहीं हुआ। पंकज बचाव करते हुए मिश्रीगंज के निकट पहुंचा और एक ढाबे में रुक गया। पंकज को होटल पर रुकता देख लुटेरे रिंग रोड होते हुए निकल गए।
पंकज ने फोन करके परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन ढाबा पहुंचे और उसे अपने साथ घर लेकर गए। अजगैन थानाध्यक्ष संतोष तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-आंख में मिर्च झोंक लूट का प्रयास
-शराब ठेके का सेल्समैन 70 हजार रुपये लेकर जा रहा था