झज्जर। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष प्रीत सिंह ने बताया कि विभिन्न गांवों से आए हुए किसानों और आढ़तियों से उनकी समस्याओं बारे बातचीत की। इस दौरान आढ़ती और किसान दोनों ही परेशान थे लेकिन किसान की हालत तो बयां करने लायक भी नहीं है।
विज्ञापन
कई दिनों से किसानों का धान मंडी में पड़ा है। सरकार की नाकामी इस तरह से हावी है कि कोई खरीदार ही नहीं आ रहा। उनकी मानसिकता है कि कभी भी मुर्दा श्मशान घाट से वापस नहीं जाता, उसी तरह अनाज मंडी में आई फसल कभी वापस नहीं जाती। किसान फसल को औने-पौने दामों पर जरूर बेचेगा।
गुरुवार को उपाध्यक्ष प्रीत सिंह की अगुवाई में किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने अनाज मंडी का दौरा किया। प्रीत सिंह ने कहा कि यदि सरकार बाजरे का भावांतर नहीं देती है तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर रमेश जाखड़, राजेंद्र जून, मुकेश शर्मा, आजाद कादियान, राजबीर राहर, सतीश कुमार, जयपाल गुढ़ा आदि मौजूद रहे।