राज्य बिजली बोर्ड ने प्रदेश विद्युत नियामक आयोग को 33 फीसदी तक दरें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है।
देसही देवरिया इलाके के अधिकांश गांवों में सोमवार को बिजली की दिक्कत दूर नहीं हो सकी। कुछ गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल की गई लेकिन लो-वोल्टेज से उपभोक्ता हलकान रहे। उपभोक्ताओं ने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आंधी-बारिश के चलते जिले के कई गांवों में शनिवार से बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी। जगह-जगह बिजली के पोल और तार टूट कर बिखर गिर गए। देसही देवरिया का इलाका सोमवार को तीसरे दिन भी बिजली से महरूम रहा। सिरसिया और इमिलिहा सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जबकि रविवार की देर रात को इन उपकेंद्रों से जुड़े कुछ गांवों में बिजली आई लेकिन कुछ घंटे बाद गुल हो गई। हालांकि लो-वोल्टेज की बिजली सप्लाई होने से समस्या जस की तस रही। रेफ्रिजरेटर समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण शो-पीस बने रहे।
सोमवार को दिन में बिजली नहीं मिलने से लोगों में गुस्सा देखने को मिला। गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर निकल पड़े। हालांकि सूरज की तपिश के चलते पेड़ की छांव में समय काटना पड़ा। उधर, चौक-चौराहों पर स्थित बिजली के कारोबार से जुड़े दुकान बंद रही। बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ गई है। उनका कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही से बिजली की दिक्कत दूर नहीं हो रही है। जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा।