झज्जर। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची छह नवंबर को प्रकाशित होगी। इससे पहले नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया 28 अक्तूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ए. श्रीनिवास को जिले में चल रहे कार्यों की जानकारी दी और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
एसआईआर के तहत जारी नोटिसों पर सुनवाई जारी है। वहीं, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से मिले आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया है। 31 जुलाई तक जारी प्रारूप मतदाता सूची में जिले के 6 लाख 68 हजार 832 मतदाता दर्ज थे।