बहादुरगढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल रविवार को 32वें दिन भी जारी रही। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने नगर परिषद के गेट से शहर में उल्टी झाडू लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी रेलवे रोड और नाहरा-नाीरी रोड से होते हुए वापस नगर परिषद गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने शहरवासियों से अपने आंदोलन में समर्थन देने की अपील की।
कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मुख्य मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच 17 मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक मांगों से संबंधित पत्र जारी नहीं किया गया है। साथ ही संगठन को बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया जा रहा।
कर्मचारियों ने बताया कि 6 से शुरू हुई हड़ताल को कई बार आगे बढ़ाया गया है। सरकार की ओर से मांगों के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं होने के कारण राज्यव्यापी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
प्रदर्शन की अध्यक्षता बहादुरगढ़ इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, इकाई कैशियर मुकेश बालगुहेर, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम, उपप्रधान अजय, महिला उपप्रधान ऊषा देवी, सहसचिव होशियार सिंह दरोगा, इकाई ऑडिटर सुनील, प्रचार सचिव सरोज, जिला ऑडिटर संदीप टॉक, इकाई सदस्य इंद्रमल, जय भगवान और सुनीता, जिला सदस्य सोनू, पूर्व कैशियर संदीप, नंदराम दरोगा और कुलदीप दरोगा मौजूद रहे।
फोटो-60: