दो जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा के शुरू होने से पहले आतंकियों की सक्रियता बढ़ गई है। कश्मीर में आए दिन आतंकियों से सेना की हो रही मुठभेड़ से सुरक्षा एजेंसियां चिंतित हैं। यात्रा के शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हुए हैं।
ऐसे में आतंकियों के बढ़ते हमलों को लेकर एजेंसियां गहन मंथन में जुट गई हैं। पिछले एक हफ्ते के भीतर कश्मीर में एक दर्जन आतंकी मार गिराए गए हैं। इसमें सेना के दो जवान भी शहीद हुए हैं। यही नहीं, आतंकियों की सक्रियता जम्मू में भी बढ़ गई है।
सुरक्षा एजेंसियां पहले ही आशंका जाहिर कर चुकी हैं कि आतंकी पैराशूट, गुब्बारों और पैरा ग्लाइडिंग से हमला कर सुरक्षा ठिकानों को निशाना बना सकते हैं। इसके बाद इन वस्तुओं की खरीद पर रोक लगा दी गई। डीजीपी के राजिंदरा ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए संयुक्त रूप से जोरदार नीति बनाने के निर्देश भी दिए हैं।