तेजप्रताप, तेजस्वी (फाइल फोटो)
- फोटो : twitter/@@TejYadav14
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप और तेजस्वी यादव के बाच पिछले काफी समय से आ रही अनबन की खबरों पर तेजप्रताप ने विराम लगा दिया है। तेजप्रताप ने अपने भाई तेजस्वी के लिए ट्विटर पर एक भावनात्मक पोस्ट शेयर की है।
तेजप्रताप ने बुधवार की सुबह ट्विटर पर लिखा "मेरी वो हिम्मत है, मेरा वो सहारा है भाई मेरा मुझे मेरी जान से भी ज्यादा प्यारा है। मुझ पर आती मुसीबत तो वो संभाल लेता है। पीछे हटने का न भाई कभी नाम लेता है। खुश रहूं सदा मैं और मेरा परिवार सारा। इसी सोच के साथ वो हर काम को अंजाम देता है।"
बता दें कि कुछ समय पहले दोनों भाइयों में फूट की खबरें सामने आईं थीं। केंद्रीय मंत्री रह चुके मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी के खिलाफ महागठबंधन की ओर से उतारे गए उम्मीदवार चंद्रिका प्रसाद राय, लालू के समधी और तेजप्रताप के ससुर हैं। चंद्रिका राय की जीत के लिए लालू के एक बेटे तेजस्वी चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। उन्होंने गुरुवार की शाम सारण में चंद्रिका के लिए लंबा रोड शो भी किया। वहीं उनके भाई तेजप्रताप अपने ससुर के विरोध में मोर्चा खोले हुए हैं।
तेजप्रताप, लालू परिवार की लोकसभा सीट रहे सारण से चंद्रिका राय को टिकट देने के शुरू से ही खिलाफ रहे हैं। अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी डाल चुके तेजप्रताप का कहना था कि यह उनके परिवार की सीट रही है, इसलिए यहां से परिवार का कोई सदस्य लड़े या फिर पार्टी का कोई समर्पित कार्यकर्ता। ससुर चंद्रिका राय के खिलाफ उन्होंने तो लालू-राबड़ी मोर्चा से अपना प्रत्याशी उतारने तक की हवा बना डाली थी। तब से दोनों भाइयों में फूट होने की बात सामने आ रही थी जिसपर तेजप्रताप ने विराम लगा दिया।