होर्डिंग पर कालिख पोतने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
खुर्जा। हाईवे पर लगी एक होर्डिंग में मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक के चित्र पर कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने देर रात रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट भी फेसबुक से हटा दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
हाइवे पर लगे होर्डिंग में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा और क्षेत्रीय विधायक विजेंद्र सिंह के चित्र पर किसी ने कालिख पोत दी थी। कालिख पुते हुए होर्डिंग का फोटो सोशल मीडिया पर डालकर वायरल कर दिया गया था, जिसे शेयर करते हुए लोग तरह-तरह की टिप्पणी करने लगे थे। कोतवाली पुलिस की तहरीर पर फेसबुक पर पोस्ट करने वाले नीरज सोलंकी और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि मामले में आरोपी की तलाश की जा रही है। इस कृत्य में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि जिसने भी यह कार्य किया है, वह गलत है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।