शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कपिल धार स्थित मंदिर के महंत की तीन माह पहले गांव मे ही बांध के पास मिली लाश के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। अब तक पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। तीन माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। उस समय धनपुरी पुलिस ने इस मामले को सामान्य मौत बताया था। लोगों के विरोध के बाद अब उसने भी हत्या होना मान लिया है।
25-26 मार्च की दरम्यानी रात धनपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कपिलधारा स्थित शिव मंदिर के महंत बाबा बाबूदास, उम्र 80 वर्ष, की लाश मंदिर से एक किमी दूर बांध में मिली थी। पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया था। ग्रामवासियों ने उस समय महंत की हत्या की आशंका जताई थी। तब थाना प्रभारी संजय जयसवाल ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और सूक्ष्मता के साथ जांच की मांग की गई थी। आक्रोश व्यक्त किया था कि धनपुरी के थाना प्रभारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसके बाद इस मामले की जांच के लिए एसपी ने एसआईटी बनाई थी। एसडीओपी धनपुरी इसका नेतृत्व कर रहे थे। तीन माह बाद ग्रामीणों की आशंका सही निकली और पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह बात अलग है कि तीन माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। उसके पास आरोपियों का कोई सुराग नहीं है। बाबा बाबूदास महाराज गोहपारू क्षेत्र के निवासी थे। करीब डेढ़ दशक से शिव मंदिर में ही रहते थे और मंदिर में पूजा-पाठ करते थे।