प्रयागराज के कासगंज जिले में एकतरफा प्यार के चक्कर में एक व्यक्ति ने सात साल के मासूम बच्चे की जान ले ली। खबर है कि आरोपी बच्चे की मां से प्यार करता था, लेकिन वह उसे नापसंद करती थी। इसी वजह से गुस्साए आरोपी ने उसके बच्चे को गंगा नदी में फेंक दिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी बबलू उर्फ ननकऊ और उसके साथी बृजभान को गिरफ्तार कर लिया।
घटना दो महीने पहले की है, जब मृत बच्चे की मां नवाबगंज के मंडारा में अपनी बहन की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गई थी। इस दौरान उसका बेटा संदिग्ध रूप से गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे के नहीं मिलने के बाद नवाबगंज थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई। पुलिस की छानबीन के दौरान सीमा ने फतूहपुर गांव के बबलू उर्फ ननकऊ पर शक जताया था।
सीमा ने बताया कि बबलू उससे एक तरफा प्यार करता था। सीमा के पहले पति का निधन हो गया था। उसके निधन के बाद एक दिन सीमा को अकेला पाकर बबलू ने उससे जबरन रिश्ता बनाने की कोशिश की थी। इसके अलावा वह हमेशा सीमा की मदद करने के मौके खोजता था, लेकिन सीमा ने दूरी बनाए रखी।
सीमा के प्यार में पागल बबलू उसका पीछा करते हुए शादी समारेह में नवाबगंज भी पहुंच गया था। वहां जब उसने सीमा से मिलने की कोशिश की तो सीमा ने उसे सख्ती से मना किया और सबके सामने झिड़क दिया। इससे नाराज बबलू मौका पाकर बदले की नीयत से सीमा के बेटे को अपने साथ ले गया और नदी में फेंक कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि बच्चे का शव अबतक नहीं मिल पाया है। घटना के दो महीने बाद सोमवार को पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।