आक्रोशित लोगों ने बस में लगाई आग, पुलिस ने बुझाया
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में गोरारी गांव के पास शनिवार को बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में उतर गई। बस में सवार छह बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। यूकेजी की एक छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे अभिभावकों ने बस पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें आग लगा दी। हालांकि पुलिस ने आग को बुझा लिया जिससे वह पूरी तरह जलने से बच गई।
खेतासराय थाना क्षेत्र में गोरारी गांव में स्थित असमा अरबिक स्कूल की बस शनिवार को सुबह उसरहटा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस स्कूल से करीब तीन सौ मीटर पहले गोरारी गांव में पहुंची थी तभी किसी वाहन को ओवरटेक करने समय अनियंत्रित होकर चार फीट गहरे गड्ढे में उतर कर पेड़ से टकरा गई।
बस गड्ढे में उतरने लगी तो उसमें सवार बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। आस पास के लोगों के भी होश उड़ गए। सभी दौड़कर मौके पर पहुंचे और बस में सवार सभी बच्चों को बाहर निकाला। चालक मौके से फरार हो गया।
विद्यालय के प्रबंधक मौलाना अब्दुल वहीद का कहना है कि सड़क पतली होने के कारण एक यात्री को बचाने के चक्कर में बस पटरी से नीचे गड्ढे में उतर गई। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार मिश्र ने बताया की बस को कब्जे में ले लिया गया है। जांच पड़ताल कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।