मंडी से मुख्यमंत्री की चर्चाओं के बीच मंडी बस स्टैंड में बम होने की एक अनजान फोन कॉल ने हड़कंप मचा दिया। सुरक्षा तंत्र हिल गया। पुलिस, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब साढ़े पांच घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बस स्टैंड को सुरक्षित घोषित किया गया। किसी तरह का विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। मामले में भादंसं की धारा 505बी के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अंजान कॉलर की तलाश में है।
बस स्टैंड को पूरी तरह सील कर अंदर आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। तुरंत बस स्टैंड खाली करने के फरमानों ने हड़कंप मचा रहा। लोग दुकानें खुली छोड़कर तो कुछ खाना खाते-खाते सुरक्षित जगह निकल गए।
बस स्टैंड में नहीं मिली बसें
मंडी बस स्टैंड से आवाजाही बनाए रखने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंतरराजीय बस स्टैंड में सुबह दस बजे तक शाम साढ़े चार बजे तक कोई बस नहीं मिली। यात्री बेहाल रहे। अव्यवस्था इस कद्र रही कि सवारियों को मनाली एनएच पर खड़े होकर बसों को पकड़ना पड़ा।
मनाली एनएच जाम रहा। उधर, एसपी मंडी अशोक कुमार ने कहा कि अड्डा प्रभारी के लैंडलाइन नंबर पर आए फोन की सूचना पुलिस महकमे को मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शाम साढ़े चार बजे बस स्टैंड को पूरी तरह से सुरक्षित घोषित कर आवाजाही बहाल कर दी गई है।
दिए नंबर पुख्ता नहीं, सीडीआर खंगाली जा रही
मौके पर मौजूद एसपी ने कहा कि फोन लैंडलाइन नंबर से आया था। कुछ नंबर मौके पर तैनात निगम कर्मचारियों ने मुहैया करवाए हैं, लेकिन वे नंबर कॉलर आइडी में इधर-उधर कर दिए गए हैं। जो नंबर ट्रेस हुए हैं, बम की सूचना देने वाले का नहीं है।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। एडीएम राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर स्थिति का जायजा लिया गया है।
संदिग्ध गतिविधियों के लिए संवेदनशील मध्यजोन मंडी
मध्य जोन मंडी संदिग्ध गतिविधियों के लिए संवेदनशील रहा है। कुल्लू जिले में आईएसआई का मोटिवेटर भी पकड़ा जा चुका है, जबकि हाल ही में आतंकी कनेक्शन की चर्चा भी यहां से खूब रही है। लिहाजा, इन संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस कोई जोखिम उठाना नहीं चाह रही है।
बस स्टैंड मंडी में बम की अफवाह से शहर में पूरा दिन अफरा-तफरी मची रही। लोग फोन पर एक दूसरे से हालात की जानकारी लेने में लगे रहे। बम होने की सूचना आग की तरफ फैल गई। सोशल मीडिया में मैसेज वायरल होने लगे।
इसी बीच बाहर रह रहे रिश्तेदारों तक के हालात जानने के लिए फोन घनघनाते रहे। बस स्टैंड और आसपास माहौल पूरी तरह तनाव भरा रहा। लेकिन, प्रशासन और पुलिस की आपातकालील व्यवस्था से निपटने की तैयारी हाशिये पर नजर आई