इटावा। राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी के सामने कई महिलाओं ने पेंशन न मिलने की समस्या रखी। इस पर नाराज हुईं आयोग की सदस्य ने जिम्मेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी इन प्रार्थना पत्रों को कूड़े के ढेर में न फेंके। दोबारा आने पर सही जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। 15 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान हो जाना चाहिए। वह बुधवार को विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में घरेलू हिंसा से पीड़ित मामलों की जनसुनवाई करने पहुंची थीं।
जनसुनवाई के दौरान 17 शिकायत पत्र प्राप्त हुए जिसमें सबसे ज्यादा पेंशनर्स के 14 व तीन घरेलू हिंसा जुड़े प्रार्थना पत्र आए। सदस्य ने तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया। महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं पर कहा कि त्वरित न्याय देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार द्वारा मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके हक के प्रति सजग किया जा सके।
उन्होंने दिव्यांगजन अधिकारी को शिविर लगाकर पात्रों को लाभ देने के निर्देश दिए। कहा कि जनसुनवाई की बैठक के दौरान अधिकारी अपने पिछले कार्यों के बारे में अवश्य बताएं। सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
बकेवर। महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे के आवास पर पहुंचकर स्वास्थ्य का हालचाल लिया। बता दें कि फर्रुखाबाद के जिला संगठन प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष इटावा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे दो माह पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मंजुला तिवारी, शिक्षक गौरव तिवारी, टिंकू गुप्ता, ऋचा मिश्रा, सुरेंद्र भदौरिया मौजूद रहे।