बहादुरगढ़। प्रदूषण की जद में बहादुरगढ़ वासियों को महीने के अंतिम दिन काफी राहत मिली। शुक्रवार को एक्यूआई यलो जोन में 167 दर्ज हुआ। वीरवार रात से चल रही हवा के कारण प्रदूषण कम हुआ है। हवा की गति 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। प्रदूषण कम होने से लोगों को मामूली राहत जरूर मिली है लेकिन दिवाली प्रदूषण लगातार कभी ऑरेंज तो कभी रेड जोन में पहुंच रहा था।
वीरवार को बहादुरगढ़ में दिनभर स्मॉग छाया रहा और एक्यूआई 344 दर्ज हुआ था। वहीं, सडक़ों पर धूल न उड़े इसको लेकर नगर परिषद की ओर से शहर की सडक़ों पर टैंकरों के जरिये पानी का छिडक़ाव शुरू कराया जा रहा है। सेक्टर-6 और 7 झज्जर रोड के अलावा शहर में पेड़ों पर टैंकर से पानी का छिडक़ाव किया गया। यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों को काफी राहत मिली।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, वेंटिलेशन इंडेक्स अब कम हो रहा है और अब प्रदूषण का फैलाव ऊपर की तरफ कम हो जाएगा। हवा की गति औसत 14 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। प्रदूषण में जमाव की स्थिति रहेगी। 2 नवंबर तक प्रदूषण अपने इसी स्तर पर बना रहेगा।
हवा चलने से एक्यूआई कम हुआ है। हवा की गति 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। इससे प्रदूषण यलो जोन में 153 दर्ज किया गया। हवा मंद होती है तो प्रदूषण बढ़ सकता है। शहर की धूल भरी सडक़ों पर पानी का छिडक़ाव कराने के आदेश संबंधित विभागों को जारी किए गए हैं।-शैलेंद्र अरोड़ा, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।
संवाद