पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांगेस ने चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से टिकट के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रधान एवं पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण में कांग्रेस पुरानी गलतियां नहीं दोहराएगी। आठ जुलाई से 15 अगस्त तक टिकट के चाहवान आवेदन कर सकते हैं। उनकी बाकायदा स्क्रूटनी के बाद ही टिकट दिया जाएगा।
इस संबंध में कांग्रेस हाईकमान का फैसला अंतिम होगा, इसके बाद किसी भी तरह का सवाल नहीं होगा और सभी कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने के लिए दिन रात एक करेंगे। वीरवार को मैरीलैंड पैलेस में हलके विच कैप्टन कार्यक्रम के तहत अमरिंदर सिंह लोगों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने इलाके की जनता की समस्याएं सुनी और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कैप्टन ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी भी पंजाब में चुनाव प्रचार करेगी, इसके लिए वे शीघ्र ही उनसे आग्रह करेंगे। विस चुनाव में गठबंधन को लेकर कैप्टन ने कहा कि पार्टी को पंजाब में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है, इसलिए पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी। बावजूद इसके संभावनाओं को खारिज नहीं किया जा सकता, लेकिन इस पर अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा।
कैप्टन बोले, बेअदबी का सच सामने लाना होगा
हलके विच कैप्टन मुहिम को लेकर बस्सी पठाना विधान सभा हलका में आज कैप्टन अमरिंदर सिंह जहां लोगों से रुबरु हुए
कैप्टन ने कहा कि कुरान की बेअदबी के मामले में गहन जांच कर सच सामने लाना होगा। आरोपियों को कतई बख्शा नहीं जाना चाहिए। बैठक में लोगों ने टूटी सड़कें, सीवरेज समेत मूलभूत ढांचे की कमी, संपत्ति विवाद, भ्रष्टाचार, माफिया राज, पुलिस की धक्केशाही, सरकारी स्कीमों का सही लाभ न मिलना, महंगी बिजली समेत तमाम समस्याओं को उठाया, कैप्टन से सभी का जवाब दिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि हर दिक्कत का हल किया जाएगा।
बैठक में वर्करों ने पार्टी में एकजुटता की जरूरत और रूठों को मनाने की कवायद पर भी जोर दिया। इस अवसर पर कैप्टन ने कहा कि राज्य के उद्योगों को पटरी पर लाने के लिए नई औद्योगिक नीति बनाई जाएगी। इसमें उद्योगों को हर तरह की सहूलियतें दी जाएंगी। कैप्टन ने कहा कि ऐसा कानून बनाया जाएगा कि 2018 के बाद भी मिक्स लैंड यूज में लगी इंडस्ट्री वहीं पर रहे। कार्यक्रम में लोगों ने कैप्टन से न मिलने का आरोप भी लगाया।
इस पर कैप्टन ने लोगों को अपना मोबाइल नंबर नोट कराया। इसके बाद दाना मंडी में वर्कर बैठक में भी कैप्टन ने वर्करों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि एकजुटता के साथ ही विपक्षियों पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोग इस बार बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस ही बेहतर विकल्प दे सकती है। कार्यक्रम के बाद कैप्टन ने लिंक रोड स्थित ढाबे में खाना खाया।