शिक्षा आचार्य से शिक्षा मित्र में समायोजन की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के आवास पर प्रदर्शन करते 55 शिक्षा आचार्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें घंटो पुलिस लाईन में बैठाए रखने के बाद निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
शिक्षा आचार्य अपनी एक सूत्री समायोजन की मांग को लेकर वर्ष 2008 से आंदोलनरत हैं। परेड ग्राउंड में धरने पर बैठे शिक्षा आचार्य सोमवार को शिक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचे। जहां शिक्षा आचार्यों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार के आश्वासन के बावजूद उनका शिक्षा मित्र में समायोजन नहीं किया गया।
शिक्षा आचार्यों ने कहा कि उनके समायोजन का मामला कैबिनेट में आने के बावजूद विभाग की ओर से 910 शिक्षा आचार्यों को शिक्षा मित्र में समायोजित नहीं किया गया। जिससे प्रदेश भर के शिक्षा आचार्यों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि उनके साथ के कुछ शिक्षा आचार्यों समायोजन के बाद अब सहायक अध्यापक बन चुके हैं। जबकि शेष आचार्यों को शैक्षिक योग्यता पूर्ण होने के बावजूद समायोजन से वंचित रखा गया है।
Publised By : Nirmala Suyal