04jjrp02- रेवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम डॉ. अमित को सम्मानित करते स्टाफ सदस्य। स्रोत-कॉलेज
झज्जर। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. अमित भारद्वाज ने रेवाड़ी स्थित किशन लाल पब्लिक कॉलेज में आयोजित व्याख्यान में कहा कि बदलते राजनीतिक परिवेश में प्रिंट मीडिया की विश्लेषणात्मक और विश्वसनीय भूमिका पहले की तुलना में अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यह व्याख्यान राजनीति विज्ञान विभाग और पत्रकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
डॉ. अमित ने कहा कि डिजिटल माध्यमों पर सूचनाएं तेज गति से प्रसारित होती हैं जिससे तात्कालिक प्रभाव तो पड़ता है लेकिन सत्यापन और परिप्रेक्ष्य का अभाव अक्सर देखने को मिलता है। इसके विपरीत प्रिंट मीडिया आज भी तथ्यों की पुष्टि, संदर्भ-निर्माण और गहन विश्लेषण के लिए भरोसेमंद माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में एजेंडा सेटिंग यानी किस मुद्दे को प्राथमिकता दी जाए इसका मूल आधार लंबे समय से प्रिंट मीडिया ही निर्धारित करता आया है। डिजिटल युग में भी इसका यह प्रभाव निरंतर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रिंट मीडिया न केवल सूचना देता है बल्कि लोकतांत्रिक विमर्श, सार्वजनिक बहस और राजनीतिक पारदर्शिता को दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रिंट मीडिया की अध्ययनशीलता और भाषा की परिशुद्धता से सीख लेते हुए अपने लेखन को मजबूत करें। केएलपी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कविता गुप्ता ने कहा कि मीडिया और राजनीति दोनों लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले परस्पर पूरक स्तंभ हैं।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं पत्रकारिता विभाग की संयोजक डॉ. ऋचा शर्मा ने कहा कि डिजिटल प्रवाह के बावजूद प्रिंट मीडिया आज भी सत्यापन और संतुलन का सबसे विश्वसनीय माध्यम माना जाता है।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकारिता विभाग की डॉ. ए. निवेदिता ने किया और अंकिता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कॉलेज प्रबंधकारिणी अध्यक्ष रिपुदानमन गुप्ता, उपाध्यक्ष संदीप, महासचिव अरविंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष उषा रूस्तगी ने शुभकामनाएं दीं।