बहादुरगढ़। गांव मुकुंदपुर में रात के समय प्लास्टिक स्क्रैप जलाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण जितेंद्र छिकारा और कुलदीप छिकारा ने बताया कि स्क्रैप जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। बुधवार रात जितेंद्र ने स्क्रैप जलाने का वीडियो भी प्रसारित किया।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. सुनील श्योराण ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रशासन ने कानौंदा और लडरावण में प्रदूषण फैलाने वाली नौ अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया था। ग्रामीणों ने मुकुंदपुर में भी ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
फोटो-53: मुकुंदपुर के खेतों में जलाया जा रहा कूड़ा। स्रोत वायरल वीडियो