एलडीए के इंजीनियर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट में भी गड़बड़ करने से बाज नहीं आए। सीएम को ही अंधेरे में रख मुंबई से पैडल बोट की खरीदारी कर ली और बता दिया कि कनाडा से मंगवाई गई है।
ये मामला तब खुला जब पहले दिन से ही बोट में दिक्कतें आने लगीं। गौर करने वाली बात ये है कि इस पेडल बोट का उद्घाटन के दौरान पांच मंत्री मौजूद रहे।
उद्घाटन वाले दिन अभिषेक मिश्र के साथ होमगार्ड मंत्री अवधेश प्रसाद, स्वास्थ्य एवं जंतु उद्यान मंत्री शिवप्रताप सिंह यादव, धमार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्रा, खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री रामकरन ने भी पेडल बोट में सवारी की थी।
अब मामला खुलने के बाद दूसरी कंपनी से 15 नई बोट खरीदने की प्रक्रिया एलडीए ने शुरू करा दी। एलडीए वीसी सत्येंद्र सिंह ने इस मामले की जांच शुरू कराई है। वहीं मुंबई की कंपनी को बाकी 50 बोट की आपूर्ति के लिए पैडल बोट के डिजाइन में ही बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को भी पैडल बोट में पानी भरने और खराब होने की समस्या बनी रही। इसकी वजह से बोटिंग कराने से पहले पैडल बोट से पानी निकालना पड़ रहा था। वहीं दो बतख की शेप की बोट को बोटिंग के लिए उतारा गया।