मां-बेटे घर के बाहर इत्मिनान से बैठे बात कर रहे थे कि अचानक उनके सिर पर मौत आन खड़ी हुई। और फिर एक ही झटके में दोनों की देह से प्राण निकाल कर चलती बनी। देखने वाले बस मुंह ताकते रह गए। सबकुछ हो जाने के बाद ऐसा कोहराम मचा कि....
डेमो
हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली के महनंदीपुरवा गांव में शनिवार को घर के बाहर बैठे मां-बेटे को ट्रक ने रौंद डाला। दोनों के शव ट्रक में फंस गए। बेटे का शव करीब 20 मीटर तक घिसटा। मां का शव घिसटता हुआ 12 किलोमीटर दूर कन्नौज के मियागंज गांव के पास गिरा। हरदोई पुलिस ने बेटे के शव का तो कन्नौज पुलिस ने मां के शव का पोस्टमार्टम कराया। यह दर्दनाक हादसा कोतवाली क्षेत्र के कन्नौज-बिलग्राम मार्ग पर हुआ। महनंदीपुरवा गांव में रामसेवक का मकान रोड के किनारे है।
शनिवार सुबह करीब सात बजे रामसेवक की पत्नी रजकोरा (70) बेटे खुशीराम (45) के साथ घर के बाहर बैठी थीं। छोटा बेटा प्रभूदयाल कमरे में था। प्रभूदयाल ने बताया कि बिलग्राम की ओर से दो ट्रक आ रहे थे। घर के पास ही तेज रफ्तार ट्रक ने दूसरे ट्रक को ओवरटेक किया। मां और भाई इसी ट्रक की चपेट में आ गए और ट्रक में फंसकर घिसटते चले गए। खुशीराम घर से करीब 20 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटा। सिर में गहरी चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां ट्रक में ही फंसी रही।
डेमो
लोगों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक की स्पीड और बढ़ा दी। वृद्धा का शव घिसटते हुए करीब 12 किलोमीटर दूर कन्नौज तक चला गया। गड्ढों में ट्रक के उछलने से शव मियागंज में सड़क पर गिर गया। यूपी 100 को सूचना देकर प्रभूदयाल ने ग्रामीणों के साथ ट्रक का पीछा किया। मियागंज के पास लोगों ने बताया कि सड़क पर पड़ा वृद्धा का शव कन्नौज कोतवाली पुलिस ले गई है। इस पर प्रभूदयाल कन्नौज कोतवाली पहुंचा और मां के शव की शिनाख्त की। बिलग्राम कोतवाली पुलिस ने खुशीराम और कन्नौज कोतवाली पुलिस ने वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम मां-बेटे के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। कोतवाल चक्रधर पांडेय ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।